
Cockroach Janta Party, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने नीट-2026 पेपर लीक और सीबीएसई के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सिस्टम में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाते हुए अपनी मांग पर ज़ोर दिया, धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो। हमने ‘मेक इन इंडिया’ मांगा था, आपने हमें ‘लीक इन इंडिया’ दिया। सीजेपी के संस्थापक (CJP founder) अभिजीत दिपके ( Abhijit Dipke) विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए अमेरिका के बोस्टन से नई दिल्ली पहुंचे हैं। दिपके को एयरपोर्ट पर डॉबीआर अंबेडकर की आत्मकथा की किताब लिए हुए देखा गया।
पुलिस ने दी है विरोध प्रदर्शन की इजाज़त
सीजेपी के आधिकारिक हैंडल ‘कॉकरोच इज़ बैक’ ने एक्स पर पोस्ट किया, भारत के संविधान के पूरे समर्थन के साथ, कॉकरोच जंतर-मंतर पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए अपना विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे। सीजेपी ने एक्स पर एक अलग पोस्ट में दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की इजाज़त दे दी है अब हम सीधे जंतर-मंतर पर इकट्ठा हो सकते हैं और हमें संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाने की ज़रूरत नहीं है, जैसा कि पहले तय किया गया था। उन्होंने कहा, उनके प्रदर्शन का मकसद धर्मेंद्र प्रधान पर इस्तीफ़ा देने के लिए दबाव बनाना है।
10 से शाम 5 बजे तक विरोध प्रदर्शन करने की मंज़ूरी
नई दिल्ली ज़िले के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस के ऑफ़िस से जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को आज सुबह 10 से शाम 5 बजे तक जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की मंज़ूरी दी है। सीजेपी के फ़ाउंडर दीपके को भेजे गए इस आदेश में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस और संबंधित सिविल अपीलों का पालन करते हुए, प्रदर्शन की रिक्वेस्ट को एक बार की छूट के तौर पर मंज़ूरी दी गई है।
