चंडीगढ़ | हरियाणा के शहरों में रहने वाले लोगों को आने वाले समय में बेहतर सड़कें और आधुनिक सुविधाएं मिल सकती हैं। वहीं, अपना घर बनाने का इंतजार कर रहे ग्रामीण और शहरी परिवारों के लिए भी आवास योजनाओं को लेकर सरकार ने काम तेज करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहरी और ग्रामीण आवास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समय पर प्लॉट और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अब तक 41,302 मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 35,295 मकान अभी निर्माणाधीन हैं। वहीं, ग्रामीण आवास योजना के तीसरे चरण के लाभार्थियों को 25 दिसंबर को आवंटन पत्र दिए जाएंगे।
पूरे होंगे 7492 मकान
शहरी आवास योजना के तहत 7,492 मकानों को जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से निर्माण कार्यों में तेजी लाने और पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर देने को कहा। इसी बीच हरियाणा के शहरों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रदेश के सभी 87 नगर निकायों में स्मार्ट रोड विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर इन परियोजनाओं की समीक्षा की।
होगा आधुनिकीकरण
बैठक में मुख्यमंत्री ने कम्युनिटी सेंटरों के लिए एकरूप और आधुनिक डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए। फिलहाल, 11 नगर निकायों में निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि 10 नगर निकायों की परियोजनाएं स्वीकृति के अलग-अलग चरणों में हैं।
