कहा- फ्रांस एक अहम पुल, जो भारत और यूरोप के टेक इकोसिस्टम को करीब ला रहा
Paris Vivatech, (द भारत ख़बर),पेरिस: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, फ्रांस एक अहम पुल का काम कर रहा है जो भारत और यूरोप के टेक इकोसिस्टम को करीब ला रहा है। हमारे यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस की वजह से आज दुनिया के आधे रियल-टाइम डिजिटल ट्रांजैक्शन भारत में होते हैं। अब आप फ्रांस में भी एफिल टॉवर या पेरिस एयरपोर्ट पर यूपीआई का इस्तेमाल कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को फ्रांस के पेरिस में आयोजित विवाटेक समिट में बोल रहे थे। पीएम मोदी देर रात करीब 2 बजे पेरिस पहुंचे थे। यहां होटल के बाहर भारतीय मूल के लोगों ने पीएम मोदी का स्वागत किया था।
सबसे सस्ता डेटा भारत में उपलब्ध
पीएम ने कहा, हम दुनिया का सबसे सस्ता डेटा और कम लागत वाली ग्रीन एनर्जी भी उपलब्ध करा रहे हैं। हमारा नजरिया साफ है। हमारी सरकार सुविधा देगी और इंडस्ट्री इनोवेशन करेगी। स्टार्टअप्स बड़े बदलाव लाएंगे और ग्लोबल पार्टनर हमारे साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे।
भारत एक खुला समाज, दुनिया का सबसे बड़ा टैलेंट पूल
भारत एक खुला समाज है और दुनिया का सबसे बड़ा टैलेंट पूल है। हम नियमों को आसान बना रहे हैं और ईज आॅफ डूइंग बिजनेस सुनिश्चित कर रहे हैं। इनोवेशन से लेकर कमर्शियलाइजेशन तक, हम 50 बिलियन डॉलर से ज्यादा के खास इंसेंटिव के जरिए प्राइवेट कंपनियों को सपोर्ट कर रहे हैं।
फाइनेंशियल इन्क्लूजन, शिक्षा, टेलीमेडिसिन और खेती सहित कई क्षेत्रों में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहे
पीएम ने कहा, पिछले दशक में, भारत तेजी से बदल रहा है और इस बदलाव के पीछे टेक्नोलॉजी की बड़ी भूमिका है। दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल आइडेंटिटी सिस्टम बनाने से लेकर दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म तक, हम फाइनेंशियल इन्क्लूजन, शिक्षा, टेलीमेडिसिन, खेती और कई अन्य क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहे हैं।
व्यापार और निवेश को बढ़ाएगा भारत-ईयू फ्री ट्रेड एग्रीमेंट
साल की शुरूआत में, हमने ऐतिहासिक भारत-ईयू फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पूरा किया। यह एग्रीमेंट हमारे व्यापार और निवेश को बढ़ाएगा। इस साल भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर की शुरूआत के साथ, फ्रांस एक अहम पुल का काम कर रहा है जो भारत और यूरोप के टेक इकोसिस्टम को करीब ला रहा है।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए होर्मुज का खुला रहना बेहद जरूरी : पीएम

