कहा- किसी नेता की पूजा नहीं होती, पार्टी सबसे ऊपर
DK DK Slogans, (द भारत ख़बर), बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के समर्थकों द्वारा डीके-डीके के नारे लगाने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भड़क गए। खड़गे ने मंच से ही कांगेस कार्यकर्ताओं को फटकार लगा दी। घटना बेंगलुरु की है।
यहां पर कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद का पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ता कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के समर्थन में डीके-डीके के नारे लगाने लगे। यह सुन खड़गे नाराज हो गए।
यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, कांग्रेस का कार्यक्रम
खड़गे ने कहा, चुप बैठिए। यह मत समझिए कि पूरा देश आपके हाथ में आ गया है। यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, कांग्रेस का कार्यक्रम है। यहां किसी नेता की पूजा नहीं होती। हम पार्टी को मजबूत करने के लिए इकट्ठा हुए हैं। तुम लोग बेकार हो। नारेबाजी के दौरान डीके शिवकुमार भी समर्थकों को शांत कराने की कोशिश करते नजर आए। उन्होंने खड़े होकर कार्यकर्ताओं से बैठने का इशारा किया।
पार्टी सबसे ऊपर
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पार्टी सबसे ऊपर है। नेताओं की पहचान भी पार्टी से ही बनती है। अगर हर ग्रुप अपने पसंदीदा नेता के नारे लगाने लगे, तो कार्यक्रम का उद्देश्य ही खत्म हो जाएगा। उन्होंने अपने 58 साल के राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि कई नेताओं का योगदान छोटा रहा होगा, लेकिन पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है।
फुटेज देखकर कार्रवाई की चेतावनी दी
खड़गे ने कार्यकर्ताओं को चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की पूरी रिकॉर्डिंग मौजूद है और फुटेज देखने के बाद कार्रवाई की जाएगी। अनुशासन जरूरी है। जो लोग यहां नारेबाजी कर रहे हैं, उनकी फुटेज मौजूद है। मैं उसे देखकर कार्रवाई करूंगा।
ये भी पढ़ें: भारत को 48.22 करोड़ डॉलर के सैन्य उपकरण देगा अमेरिका

