फरीदाबाद. हरियाण के फरीदाबाद में बड़खल से भाजपा विधायक धनेश अदलखा अपने इलाके में एक्सईएन की कारगुजारी से नाराज हैं. जब उनके ऑफिस में सब पार्षद और सफाई कर्मचारियों के इंस्पेक्टर धरना देने पहुंचे तो उन्होंने मौके पर अधिकारी को फोन कर दिया और अपनी नाराजगी जाहिर की.
हालांकि, इस दौरान नगर निगम के स्वच्छ भारत मिशन के एक्सईएन मनदीप के खिलाफ फोन पर उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया.
विधायक सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों की शिकायत पर इतने नाराज हुए कि उन्होंने नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल को फोन कर अधिकारी को हटाने और उसकी जगह दूसरे अधिकारी को चार्ज देने के निर्देश दे दिए. वीडियो में विधायक एक्सईएन मनदीप के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं कि वह काम नहीं करता और सभी पार्षद उसके खिलाफ हैं. बातचीत के दौरान विधायक ने अधिकारी के लिए अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया. इसके बाद एडिशनल कमिश्नर ने विधायक को आश्वासन दिया कि दूसरे अधिकारी को चार्ज दे दिया जाएगा.
सफाई दरोगा की शिकायत पर आया गुस्सा
यह पूरा मामला 4 अक्टूबर का बताया जा रहा है. उस दिन विधायक धनेश अदलखा अपने कार्यालय में पार्षदों के साथ बैठे हुए थे. इसी दौरान बड़खल क्षेत्र के कुछ सफाई दरोगा उनके पास पहुंचे. सफाई दरोगाओं ने शिकायत की कि स्वच्छ भारत मिशन के एक्सईएन मनदीप उन्हें सफाई के लिए जरूरी सामान उपलब्ध नहीं कराते और उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से नहीं सुनते.
फोन पर एडिशनल कमिश्नर को दिए निर्देश
शिकायत सुनने के बाद विधायक ने नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल को फोन लगाया. बातचीत के दौरान विधायक ने कहा कि सफाई दरोगा और इंस्पेक्टर उनके कार्यालय में धरना देने के लिए बैठे हैं. उन्होंने एक्सईएन मनदीप को हटाने की मांग करते हुए कहा कि सभी पार्षद भी उनके खिलाफ हैं. विधायक ने बातचीत में संजीव को पूरा चार्ज देने, लख्मीचंद को हटाने, विनोद मित्तल को एडिशनल चार्ज देने और नितिन कादयान के पास एक्सईएन का चार्ज रखने की बात कही. इस पर एडिशनल कमिश्नर ने कहा कि दूसरे अधिकारी को चार्ज दे देते हैं. उन्होंने विधायक से यह भी कहा कि उनके कहने के बाद पार्षदों को कार्यालय आने की जरूरत नहीं है.

