सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शेयरों में हो रही खरीदारी, बुधवार को औंधे मुंह गिरा था बाजार
Share Market Live (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : गुरुवार की हल्की बढ़त के बाद आज शुक्रवार को सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी दिखाई दे रही है। दोपहर एक बजे तक भारतीय शेयर बाजार अच्छी बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स अपने कल के बंद स्तर से करीब 590 अंक ऊपर 77, 331 अंक पर कारोबार कर रहा था जबकि निफ्टी भी अपने पिछले बंद से करीब 216 अंक ऊपर 24,178 अंक पर है।
जानकारों का कहना है कि शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे आईटी और मेटल कंपनियों के शेयरों की जोरदार खरीदारी है। जिससे बाजार को मजबूती मिली और वह हरे निशान पर काम कर रहा है। हालांकि जानकारों का यह भी कहना है कि आज दिन के अंतिम दो घंटे काफी अहम रहेंगे। जिससे बाजार की दिशा प्रभावित हो सकती है।
बाजार खुलते ही उछले सेंसेक्स और निफ्टी
कारोबार शुरू होते ही भारतीय शेयर बाजार में भारी लिवाली देखने को मिली। बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 750 अंकों से अधिक की बड़ी उछाल के साथ खुला, वहीं एनएसई का निफ्टी 24,150 के स्तर के पार निकल गया। शुरूआती कारोबार में इन दोनों प्रमुख सूचकांकों ने 0.85 प्रतिशत तक की बढ़त हासिल की। इस तेजी को सबसे ज्यादा बल आईटी इंडेक्स से मिला, जिसमें बाजार खुलते ही दो प्रतिशत की शानदार बढ़त देखी गई।
सोने और चांदी के दाम में भी तेजी
वैश्विक उठापटक और पश्चिम तनाव के चलते आज 10 जुलाई शुक्रवार को एक बार फिर से सरार्फा बाजार में तेजी दिखाई दे रही है। सुबह बाजार खुलते ही सोने और चांदी के दाम में हल्की तेजी आई है। हालांकि अभी पूरा दिन बाकी है और देखने होगा की आने वाले घंटे इन दोनों बहुमूल्य धातुओं के लिए कैसे गुजरते हैं।
आज 24 कैरेट सोना करीब 1.44 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है। मतलब कि पिछले कारोबारी दिन के मुकाबले सोने के भाव में करीब 300 रुपए से 500 रुपए प्रति 10 ग्राम की बढ़त फिलहाल बनी हुई है। वहीं चांदी भी महंगी हुई है और इसका भाव करीब 2.35 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गया है। पिछले कुछ दिनों से सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
ये भी पढ़ें : Petrol-Diesel Price : अगर आप भी जा रहे हैं पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने तो जान लें आज के ताजा भाव

