नई दिल्ली. मार्केल में पैसा लगाने वालों के लिए बुधवार का दिन राहत लेकर आया. 25 नवंबर को बुल्स का दबदबा देखने को मिला. घरेलू शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी जारी रही. दोपहर के कारोबार के दौरान प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए. सेंसेक्स करीब 1950 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी 26,000 के अहम मनोवैज्ञानिक स्तर के करीब पहुंच गया. बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, FMCG और बड़ी कंपनियों के शेयरों में मजबूत खरीदारी से बाजार को सहारा मिला.
शेयर बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.17 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. बुधवार सुबह 11:55 बजे BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर 513.93 लाख करोड़ रुपये हो गया. सोमवार के पिछले कारोबारी सत्र में यह 5,09,75,499.68 करोड़ रुपये था. इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों के कुल बाजार मूल्य में करीब 4.17 लाख करोड़ रुपये यानी लगभग 0.82 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

सेंसेक्स और निफ्टी में कितनी तेजी?
बुधवार सुबह 11:55 बजे सेंसेक्स 1,942.99 अंक यानी 2.36 फीसदी की बढ़त के साथ 84,378.98 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. बाजार खुलने पर सेंसेक्स 83,436.89 पर था. कारोबार के दौरान इसने 84,498.21 का इंट्राडे हाई भी छुआ. निफ्टी 572.40 अंक यानी 2.26 फीसदी चढ़कर 25,922.05 पर पहुंच गया. कारोबार के दौरान निफ्टी ने 25,951.65 का इंट्राडे हाई बनाया और 26,000 के स्तर के और करीब पहुंच गया.
आज शेयर बाजार में तेजी के 4 बड़े कारण
बाजार में तेजी की शुरुआत मजबूत ओपनिंग के साथ हुई. सोमवार की भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने खरीदारी शुरू की. विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और सस्ते भाव पर शेयर खरीदने की रणनीति ने बाजार के सेंटीमेंट को मजबूती दी.
1. बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में जोरदार खरीदारी
2. FII की लगातार खरीदारी से बाजार को सपोर्ट
3. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिली राहत
4. सोमवार की गिरावट के बाद सस्ते शेयर खरीदने का मौका

