नई दिल्ली. इंग्लैंड में हाल में खत्म हुई वनडे सीरीज के दौरान बल्ले से दमदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय बल्लेबाजों को आईसीसी की जारी ताजा रैंकिंग में फायदा हुआ है. कप्तान शुभमन गिल वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 बनने के बेहद करीब पहुंच गए हैं. न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल अब भी टॉप पर काबिज हैं. विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भी रैंकिंग में अपनी स्थिति मजबूत की है.
आईसीसी की ताजा रैंकिंग के अनुसार डेरिल मिचेल 802 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं. शुभमन गिल 801 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं. इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में गिल ने 188 रन बनाए. वह नंबर-1 बनने से सिर्फ एक रेटिंग अंक दूर रह गए. विराट कोहली 767 अंकों के साथ तीसरे और रोहित शर्मा 758 अंकों के साथ चौथे स्थान पर मौजूद हैं. दोनों बल्लेबाजों ने भी इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में उपयोगी पारियां खेलकर अपनी रैंकिंग में सुधार किया.
Race for the No.1 spot in the ICC Men’s ODI Batting Ranking heats up as India’s star trio close in 👀https://t.co/EuM54qGbZr
— ICC (@ICC) July 22, 2026
इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने भारत के खिलाफ सीरीज में 249 रन बिना आउट हुए बनाए. इस प्रदर्शन का उन्हें बड़ा फायदा मिला और वह चार स्थान की छलांग लगाकर आठवें स्थान पर पहुंच गए. इंग्लैंड के बेन डकेट 11 स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 19वें और जैकब बेथेल पांच स्थान ऊपर चढ़कर 64वें स्थान पर पहुंच गए.
वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान पहले स्थान पर कायम हैं. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भारत के खिलाफ सीरीज में पांच विकेट लेकर एक स्थान ऊपर चढ़ते हुए तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. वेस्टइंडीज के गुडाकेश मोटी सात स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं. भारतीय स्पिनर अक्षर पटेल ने भी शानदार सुधार किया है. वह 10 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 32वें स्थान पर पहुंच गए हैं.
न्यूजीलैंड के अनुभवी ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल ने वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में दो स्थान की छलांग लगाकर करियर की सर्वश्रेष्ठ तीसरी रैंकिंग हासिल की है. उनसे ऊपर केवल अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजई और बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज हैं. जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच खेली गई टी20 सीरीज के बाद टी20 रैंकिंग में भी कई बदलाव हुए हैं. जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट दो स्थान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं.

