RAF Officer Sonia Sehrawat Controversy: दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में कई लोग खूब वायरल हुए। छात्रों के प्रदर्शन के बीच रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया सहरावत अचानक सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गईं। एक वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और प्रदर्शन के दौरान उनके बयान को लेकर बहस तेज हो गई। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सोनिया सहरावत की आलोचना की है और उनकी पोस्ट पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया जब दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिस-प्रशासन के एक्शन पर सवाल उठ रहे हैं।
कौन हैं RAF अधिकारी सोनिया सहरावत?
सोनिया सहरावत रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) में असिस्टेंट कमांडेंट पद पर तैनात अधिकारी हैं। RAF, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की विशेष इकाई है, जिसे भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। CJP के प्रदर्शन के दौरान RAF की तैनाती दिल्ली में की गई थी। इस दौरान एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें RAF ऑफिसर सोनिया सहरावत प्रदर्शनकारियों से मारपीट करती हुई दिख रही थीं। इसके अलावा उनसे जब एक पत्रकार ने आरएएफ जवानों के बैज को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने बैज न लगाने की वजह गर्मी बताई। यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया।
सोनिया का इंस्टा पोस्ट भी वायरल
सोनिया सहरावत की एक इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर विवाद शुरू हुआ। उन्होंने एक मरे हुए कॉकरोच की तस्वीर शेयर की थी, जिसके साथ लिखा था- “खुद को तो ठीक कर नहीं सकते और देश को ठीक करना चाहते हैं।” इस पोस्ट को कई लोगों ने प्रदर्शनकारियों पर टिप्पणी के रूप में देखा और इसकी आलोचना की। सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया। CJP समर्थकों ने इस पोस्ट को अपने आंदोलन से जोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह प्रदर्शनकारियों का अपमान है।
CJP ने क्यों जताई आपत्ति?
CJP की पहचान और नाम से जुड़े संदर्भ में कॉकरोच शब्द को आंदोलन के समर्थकों ने अपने प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया है। इसलिए सोनिया सहरावत की पोस्ट को कई प्रदर्शनकारियों ने सीधे तौर पर आंदोलन और छात्रों पर निशाना माना। CJP की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए कहा गया कि “कॉकरोच कभी मरते नहीं हैं”, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के बीच बहस और तेज हो गई।
सोनिया सहरावत का दूसरा मुद्दा
सोशल मीडिया विवाद से पहले भी सोनिया सहरावत एक अन्य कारण से चर्चा में आई थीं। प्रदर्शन के दौरान RAF कर्मियों के नेम टैग नहीं पहनने को लेकर सवाल उठे थे, जिस पर उन्होंने सफाई दी थी। उनका कहना था कि कई जवानों ने गर्मी की वजह से नेम बैज नहीं लगाया। इस बयान के बाद लोगों ने सवाल पूछा कि नेम बैज में आखिर ऐसा क्या है, जिससे गर्मी लग रही थी। सोनिया सहरावत का नाम CJP प्रदर्शन के दौरान एक वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और उनके अजीबोगरीब बयानों के कारण चर्चा में आया। यह मामला अब सोशल मीडिया बहस का विषय बन चुका है।

