Attack on Mamta Banerjee: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में आज पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कार पर कथित तौर पर हमला हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि अज्ञात गुंडों ने उनकी कार पर ईंट-पत्थर फेंके। उनका दावा है कि इस हमले में उनकी जान भी जा सकती थी। प्रदेश में सत्तारूढ़ बीजेपी ने इस हमले की निंदा की है और हिंसा में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया है।
‘चोर भगाओ’ के नारे गूंजे
बनर्जी को हालिशहर में तब विरोध का सामना करना पड़ा जब वह एक पार्टी कार्यकर्ता के घर जा रही थीं, जिसकी कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। प्रदर्शनकारियों ने तृणमूल प्रमुख की कार को घेर लिया, उस पर कीचड़ पोता और कथित तौर पर जूते और पानी की बोतलें फेंकीं। ‘चोर भगाओ’ के नारे गूंज रहे थे और पुलिस प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने की कोशिश करती दिखी।
कहा-जान जा सकती थी
बनर्जी ने बाद में पत्रकारों से कहा कि अगर ईंट-पत्थर उन्हें लग जाते तो उनकी जान जा सकती थी। उन्होंने कहा, ”बाहर से आए असामाजिक तत्वों ने पुलिस के सामने मेरी कार पर पत्थर फेंके। अगर मेरी कार की खिड़कियां बंद न होतीं तो मेरा सिर फट सकता था। मेरी जान जा सकती थी। मैंने पहले कभी ऐसा हमला नहीं झेला। पुलिस ने हमारी सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया। वे सिर्फ भाजपा को ही सुरक्षा देते हैं।”
बीजेपी पर लगाया आरोप
लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी और राज्यसभा सांसद डोला सेन ने भी प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। टीएमसी ने आरोप लगाया कि हंगामा भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया। ममता ने कहा कि बंगाल में अराजकता फैल गई है। पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रही है।

