
परिवार सहित गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने गए थे सुखबीर बादल
Sukhbir Singh Badal, (द भारत ख़बर),नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ। सुखबीर बादल अपने परिवार सहित गुरुद्वारा माता साहिब कौर माथा टेकने के लिए आए थे। इसी दौरान निहंग के भेष में आए एक शख्स ने उन पर कृपाण से हमला कर दिया। आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के तौर पर हुई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की जांच के आदेश दिए हैं।
बाएं हाथ में लगी चोट, सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारी भी घायल
जानकारी के मुताबिक, हमले में सुखबीर सिंह बादल के बाएं हाथ में चोट लगी है। घटना के तत्काल बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टर्स के अनुसार खतरे की कोई बात नहीं है। उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
आरोपी से पूछताछ जारी
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर बहस के दौरान आरोपी ने कृपाण से सुखबीर सिंह बादल पर वार किया। हालांकि, घटना की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने हमले के बाद जसपाल सिंह को हिरासत में लिया। फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।
यह पंथ विरोधी ताकतों का षड़यंत्र, महाराष्ट्र पुलिस से निष्पक्ष जांच करने की मांग
वहीं, घटना को लेकर शिरोमणी अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप सिंह ने वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा सुखबीर बादव श्री हुजूर साहिब के दरबार नांदेड़ में माथा टेकने गए थे। वहां उन पर निहंग के भेषभूषा में मौजूद शख्स ने उन पर हमला किया।
सिक्योरटी में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने युवक को रोका। सुखबिर बादल के हाथ में मामूली चोट लगी है। वह पूरी तरह स्वस्थ है। उन्होंने कहा पहले भी उन पर हमला हुआ। यह पंथ विरोधी ताकतों का षड़यंत्र है। महाराष्ट्र पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच करने की मांग की गई है।
सुखबीर बादल पर पहले भी हो चुका हमला
इससे पहले भी दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में पूर्व डिप्टी सीएम पर गोली चलाने की कोशिश की गई थी। यह घटना उस वक्त हुई थी, जब बादल अकाल तख्त की सजा के बाद स्वर्ण मंदिर के बाहर सेवा कर रहे थे। सुरक्षा कर्मियों ने हमलावर को तुरंत पकड़ लिया था और गोली सुखबीर बादल को नहीं लगी थी। हमलावर की पहचान नारायण सिंह चौड़ा के तौर पर हुई थी।
ये भी पढ़ें: अब सड़क पर खुले नहीं दौड़ेंगे डंपर और टिपर
