नई दिल्ली. बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की टीम को अपने घर पर टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में ऐसी शर्मनाक हार मिली जिसे किसी ने नहीं सोचा था. 23 साल में पहली बार मेहमान टीम को कंगारू टीम के खिलाफ टेस्ट मैच में जीत नसीब हुआ. ऑस्ट्रेलिया की टीम भले ही बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबला हार गई लेकिन तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने अपने नाम कभी ना टूटने वाला रिकॉर्ड कर लिया. उन्होंने डार्विन टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट लेकर एक अनोखी उपलब्धि हासिल की. उन्होंने ऐसा कारनामा अंजाम दिया जो इससे पहले किसी कंगारू गेंदबाज ने नहीं किया था.
चोट की वजह से लंबे समय तक टेस्ट टीम से बाहर बैठे जोश हेजलवुड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बार फिर से जोरदार वापसी की. उन्होंने बल्लेबाजों के पहली पारी में महज 198 रन पर सिमटने के बाद अकेले ही बांग्लादेश के 6 विकेट चटकाए. हालांकि उनके ये विकेट टीम के काम नहीं आए और पहली पारी में मेहमान टीम ने 426 रन बना डाले. बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में हेजलवुड ने 28 ओवर में 89 रन देकर 6 विकेट झटके. यह किसी भी कंगारू गेंदबाज का इंटरनेशनल क्रिकेट में बांग्लादेश के खिलाफ सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है.
छह विकेट लेने के साथ हेजलवुड ने टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की. टेस्ट क्रिकेट में इस गेंदबाज ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 300 से ज्यादा टेस्ट विकेट लेने गेंदबाजों की खास लिस्ट में जगह बनाई. वह इस फॉर्मेट में ऐसा करने वाले ऑस्ट्रेलिया के नौवें गेंदबाज हैं. इस मैच में बांग्लादेश के खिलाफ हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे कामयाब गेंदबाज रहे. उन्होंने दोनों पारी को मिलाकर कुल 7 विकेट चटकाए.
ऑस्ट्रेलिया के लिए इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने का रिकॉर्ड इयान हार्वे के नाम दर्ज था. साल 2003 में डार्विन वनडे में उन्होंने 16 रन देकर चार विकेट लिए थे. हेजलवुड बांग्लादेश के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज भी बन गए. इसका मतलब यह हुआ कि अब जो भी इस लिस्ट में शामिल होगा वो उनके बाद दूसरे नंबर पर आएगा. सबसे पहले यह कारनामा करने का रिकॉर्ड हेजलवुड के नाम पर दर्ज हो गया जो कभी नहीं टूटेगा.

