नई दिल्ली (HTET Result 2025 Declared). हरियाणा के हजारों युवाओं का इंतजार अब खत्म हो चुका है. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE), भिवानी ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा 2025 का रिजल्ट घोषित कर दिया है. बोर्ड चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सरकारी रिजल्ट जारी किया है. जिन अभ्यर्थियों ने 4 और 5 जुलाई को एचटीईटी परीक्षा दी थी, वे अपना स्कोरकार्ड बोर्ड के ऑफिशियल पोर्टल htet.eapplynow.com पर तुरंत देख और डाउनलोड कर सकते हैं.
एचटीईटी 2025 रिजल्ट जारी
इस बार की HTET परीक्षा में तीनों ही लेवल पर अभ्यर्थियों का मिला-जुला प्रदर्शन देखने को मिला. बोर्ड की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस परीक्षा में शामिल होने वाले 1,92,220 अभ्यर्थियों में से प्राइमरी टीचर (PRT) यानी लेवल-1 के लिए 31,402 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी. वहीं, ट्रेन्ड ग्रेजुएट टीचर (TGT) यानी लेवल-2 के लिए सबसे ज्यादा 99,896 अभ्यर्थी मैदान में थे. पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) यानी लेवल-3 की बात करें तो इसके लिए 60,922 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई थी.
बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पर अपडेट
अगर आपने HTET परीक्षा पास कर ली है तो बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन बेहद जरूरी चरण है. बोर्ड चेयरमैन ने स्पष्ट किया है कि पास हुए कुल 31,847 अभ्यर्थियों में से 30,883 उम्मीदवारों ने अपनी बायोमेट्रिक जांच समय पर पूरी करवा ली है. हालांकि, 964 अभ्यर्थी किसी वजह से बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन नहीं करवा सके थे. इन अभ्यर्थियों को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. HBSE भिवानी जल्द ही इनके लिए विशेष शेड्यूल जारी करेगा, जिससे ये भिवानी बोर्ड ऑफिस जाकर अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे.
मोबाइल पर एचटीईटी रिजल्ट कैसे चेक करें?
HTET 2025 का स्कोरकार्ड देखने के लिए अभ्यर्थियों को किसी साइबर कैफे जाने की जरूरत नहीं है. इसे अपने फोन पर भी आसानी से चेक कर सकते हैं:
- HTET के ऑफिशियल पोर्टल htet.eapplynow.com पर विजिट करें.
- होमपेज पर दिख रहे HTET 2025 Result वाले लिंक पर क्लिक करें.
- अब अपना रोल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर और मांगी गई अन्य जानकारी दर्ज करें.
- ‘Submit’ बटन पर क्लिक करते ही रिजल्ट और मार्क्स स्क्रीन पर आ जाएंगे.
- अपना रिजल्ट अच्छी तरह से चेक कर लें और फ्यूचर रेफरेंस के लिए प्रिंटआउट भी जरूर निकालकर रख लें.
HTET 2025 परीक्षा पास करने वाले सभी भावी शिक्षक आगे की चयन प्रक्रिया और बायोमेट्रिक के नए शेड्यूल के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.

