ग्राहकों को भ्रमित और गुमराह करने वाले विज्ञापनों और दावों के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) द्वारा डाबर सहित कई कंपनियों पर की गई कार्रवाइयों का असर दिखने लगा है। अब खाद्य पदार्थ बनाने वाली बड़ी-बड़ी कंपनियां इस तरह के दावे वापस ले रही हैं और पैकेजिंग में बदलाव कर रही हैं। यह जानकारी खुद FSSAI ने दी है। FSSAI ने बार-बार कहा है कि फूड लेबल और विज्ञापनों में फायदों को बढ़ा-चढ़ाकर नहीं बताना चाहिए और न ही किसी प्रोडक्ट की न्यूट्रीशन वैल्यू या सेहत पर असर के बारे में गुमराह करने वाली बात कहनी चाहिए।
इन कंपनियों ने उठाए कदम
भारत में कैडबरी डेयरी मिल्क, बॉर्नविटा और ओरियो बिस्किट बनाने वाली कंपनियों के साथ-साथ नारियल तेल और एनर्जी ड्रिंक्स बेचने वाली कंपनी एमवे ने FSSAI के नोटिस के बाद गुमराह करने वाले लेबल दावे वापस ले लिए हैं और प्रोडक्ट की पैकेजिंग में बदलाव किया है। इनके अलावा, फ्राइड स्नैक्स, बेबी फूड और प्रोटीन पाउडर बेचने वाली दूसरी बड़ी कंपनियों ने भी इसी तरह के कदम उठाए हैं। यह कदम ग्राहकों की सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
Major Food Business Operators (FBOs) have taken prompt corrective action following notices issued by FSSAI.
Measures include withdrawing misleading label claims and revising product packaging to ensure consumer safety and regulatory compliance.#FSSAIAction #FSSAINotice pic.twitter.com/3HEU8RweZP
— FSSAI (@fssaiindia) August 25, 2026
कंपनियों ने उठाए हैं ये कदम
फूड रेग्युलेटर ने उन कई फूड बिजनेस के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी दी है जो प्रोडक्ट लेबल, विज्ञापनों या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर गुमराह करने वाले दावे करते पाए गए थे। FSSAI के दखल के बाद, कंपनियों ने या तो दावे हटा दिए हैं, अपनी पैकेजिंग में बदलाव किया है या सुधार के उपाय पूरे होने तक प्रोडक्ट्स की बिक्री रोक दी है।
इन कंपनियों ने दावे हटाए
कैडबरी डेयरी मिल्क, बॉर्नविटा और ओरियो जैसे मशहूर ब्रांड बनाने वाली कंपनी मोंडेलेज इंडिया फूड्स प्राइवेट लिमिटेड पर सेहत और न्यूट्रिएंट्स (पोषक तत्वों) की तुलना को लेकर गुमराह करने वाले दावे करने का आरोप लगा था। FSSAI के मुताबिक, कंपनी ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से इन दावों और उनसे जुड़े विज्ञापनों को हटा लिया है और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं।
सप्लीमेंट कंपनी ने विज्ञापन वापस लिए
न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट, प्रोटीन पाउडर और हेल्थ फूड के लिए जानी जाने वाली कंपनी सैपियंस लैब्स पर गुमराह करने वाले दावे करने के लिए सवाल उठाए गए थे। FSSAI ने बताया कि कंपनी ने जवाब दिया और ऐसे सभी दावों और विज्ञापनों को वापस ले लिया।
फ्लिपकार्ट से स्नैक प्रोडक्ट्स हटे
रेगुलेटर ने विची एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बेचे जाने वाले और JJ फूड्स द्वारा प्रॉसेस और पैक किए गए एक प्रोडक्ट पर भी सवाल उठाए थे। यह कंपनी JJ ब्रांड के तहत स्नैक प्रोडक्ट्स और फ्रायम्स बेचती है। यह उल्लंघन एक भ्रामक ट्रेड नेम से जुड़ा था। सुधारात्मक कार्रवाई के तहत, फ्लिपकार्ट ने FSSAI को सूचित किया कि फूड बिजनेस ऑपरेटर ने प्लेटफॉर्म से प्रॉडक्ट को हटा दिया है।
एमवे ने ‘100%’ वाला दावा हटाया
एमवे इंडिया एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड अपने एक प्रोडक्ट पर ‘100% शुद्ध नारियल तेल’ शब्द का इस्तेमाल कर रही थी। FSSAI ने कहा कि यह इस्तेमाल ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006’ और विज्ञापन से जुड़े नियमों का उल्लंघन था। साथ ही, यह फूड प्रोडक्ट के लेबल और प्रचार सामग्री पर ‘100’ शब्द का इस्तेमाल बंद करने से जुड़ी सलाह के भी खिलाफ था। कंपनी ने नियमों के पालन के बारे में जवाब देते हुए पुष्टि की कि उसने स्वेच्छा से प्रोडक्ट की पैकेजिंग और प्रचार सामग्री से ‘100%’ शब्द हटा दिया है। उसने रेग्युलेटर को यह भी बताया कि इस दावे वाले पुराने स्टॉक को बिक्री के चैनलों से हटा लिया गया है।

