
नई दिल्ली. श्रीलंका दौरे के लिए चुने गए जम्मू-कश्मीर के स्टार तेज गेंदबाज अकिब नबी को बिना कोई मैच खेले ही वापस लौटना पड़ा. अब खबर है कि उनको न्यूजीलैंड के दौरे के लिए टीम में जगह दी जाएगी. इससे पहले उनको इंग्लैंड में तैयारी करने का खास मौका मिला है. जल्द ही ये भारतीय गेंदबाज इंग्लैंड में काउंटी चैंपियनशिप खेलते नजर आ सकते हैं. न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने यह खास पहल की है. नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले नबी को रेड-बॉल क्रिकेट अनुभव मिले इसके लिए यह कोशिश की जा रही है.
घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन करने के बाद नबी ने टीम इंडिया में एंट्री मारी है. उनको भले ही खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन जल्दी ही डेब्यू होने की उम्मीद है. उन्होंने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में 60 विकेट झटके थे. जम्मू कश्मीर को पहली बार खिताब दिलाने में उनका सबसे बड़ा योगदान था. तमान पूर्व क्रिकेट इस खिलाड़ी को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करते देखना चाहते थे. उनको प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिल पाया.
श्रीलंका में सीरीज खत्म हो चुकी है और अगले कुछ महीने आराम करने के बाद नवंबर में अगली टेस्ट सीरीज होगी. इससे पहले उनको इसके लिए तैयार किया जा रहा है. PTI से बातचीत में BCCI के एक सूत्र ने बताया कि बोर्ड अकिब नबी के लिए इंग्लैंड में कम से कम 2-3 फर्स्ट क्सास मैच कराने की कोशिश कर रहा है. इसके पीछे उनको न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में ढलने के लिए वैसा ही माहौल दिए जाने की बात सामने आई है. अब खबरों की माने तो काउंटी क्लब सरे को इस समय एक स्विंग गेंदबाज की तलाश में है. नबी उनकी इस तलाश को खत्म कर सकते हैं. ऐसे अकिब को इंग्लैंड में रेड बॉल क्रिकेट के कुछ मैचों में खिलाने का अनुभव मिलेगा. BCCI फिलहाल उनका UK वीजा तैयार कराने की प्रक्रिया में है. वीजा मिलते ही नबी इंग्लैंड रवाना हो सकते हैं.
BCCI पहले भी कई भारतीय खिलाड़ियों को इंग्लैंड में जाकर रेड-बॉल क्रिकेट का अनुभव लेने के लिए भेज चुका है. श्रीलंका में दमदार प्रदर्शन करने वाले युवा स्पिनर मानव सुथार वॉरविकशायर के लिए दो मैच खेल चुके हैं. अनुभवी भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव भी भारत को इंग्लैंड दौरे के बाद वहीं रुक गए थे. उन्होंने यॉर्कशायर के लिए रेड-बॉल क्रिकेट खेलने इंग्लैंड लौट गए हैं.
