India Weather Update, 5 September 2026: सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून पूरी तरह एक्टिव दिख रहा है और देशभर में कई जगहों पर भारी बारिश देखने को मिल रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक 5 सितंबर को उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में शनिवार को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी मौसम सक्रिय रहने के आसार हैं। IMD के मुताबिक मध्य भारत में भी बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 5 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। चलिए देशभर का आज का मौसम अपडेट जान लेते हैं।
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में 5 सितंबर को मौसम सुहावना रहने के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। IMD ने दिल्ली के लिए आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहने, बारिश की बौछारें पड़ने और गरज-चमक की संभावना है। IMD के मुताबिक 6 सितंबर को भी राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भारी बारिश का अलर्ट है। इसके बाद मौसम में कुछ राहत मिलने की संभावना है। बारिश के दौरान दिल्ली और आसपास के इलाकों में सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति की आशंका रहेगी। NCR में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत समेत आसपास के क्षेत्रों में भी स्थानीय स्तर पर बारिश हो सकती है।
हरियाणा में भारी बारिश का अलर्ट
हरियाणा में 5 सितंबर को मौसम सक्रिय रहने वाला है। IMD ने राज्य के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र के अनुसार हरियाणा में 5 और 6 सितंबर को भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि 7 सितंबर से बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। राज्य के अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, हिसार, जींद, फतेहाबाद, सिरसा और कैथल में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में तेज बौछार के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
पंजाब में भी बारिश का दौर जारी
पंजाब में शनिवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। IMD ने राज्य के लिए Heavy Rain की चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक पंजाब में 5 और 6 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और एसएएस नगर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी बारिश के कारण जलभराव हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भी 5 सितंबर को मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम केंद्र शिमला ने पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए हैवी रेन की चेतावनी जारी की है। हालांकि 6 सितंबर से राज्य में बारिश के कहर से राहत मिल सकती है। शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, ऊना, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के दौरान भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़क मार्ग बाधित होने जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे में पहाड़ों की यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड, यूपी समेत कई राज्यों में बारिश
उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रहेगा। IMD ने उत्तराखंड में 5 सितंबर को भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में भी आज भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी 6 सितंबर से प्रभावी होने की संभावना है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 5 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। पश्चिमी राजस्थान में गरज-चमक और तेज हवाओं का मौसम रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी आज कुछ स्थानों पर गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं।
मध्य प्रदेश में 5 सितंबर को बारिश का असर खास तौर पर देखने को मिल सकता है। IMD ने पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दोनों क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं की भी संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 से 8 सितंबर तक भी भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। IMD के अनुसार मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां सक्रिय हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी मानसूनी बारिश देखने को मिल सकती है। देश के प्रायद्वीपीय हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत का मौसम
पूर्वोत्तर भारत में भी कई जगहों पर बारिश का दौर बना रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं दक्षिण भारत में मानसून की गतिविधियां उत्तर और मध्य भारत की तुलना में अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में स्थानीय स्तर पर बारिश हो सकती है।

