नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम से अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लगातार बाहर रखा जा रहा है. घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी चयनकर्ता उनको मौका नहीं दे रहे हैं. इसे लेकर पूर्व कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. गांगुली ने उन दावों को खारिज किया कि शमी को चयनकर्ताओं द्वारा नजरअंदाज किया जा रहा है.
टीम इंडिया में 2027 वनडे वर्ल्ड कप में अनुभवी खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा या नहीं ये सवाल हर तरफ चल रहा है. लोग रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर बात कर रहे हैं.वहीं तेज गेंदबाज शमी पर कम चर्चा हो रही है. गांगुली ने कहा कि इस अनुभवी गेंदबाज ने भारतीय क्रिकेट के लिए काफी कुछ किया है और वह शानदार खिलाड़ी हैं. ईडन गार्डन्स में गांगुली ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान साफ कहा, “उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है.”

गांगुली का कहना था कि शमी काफी क्रिकेट खेल चुके हैं और वह ‘चैंपियन’ खिलाड़ी हैं. उम्र बढ़ने के साथ खिलाड़ियों के करियर में इस तरह की परिस्थितियां आना बहुत ही साधारण की बात है. शमी फिलहाल घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. 35 साल के तेज गेंदबाज को क्या 2027 वनडे विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह मिल सकती है. इस बारे में गांगुली से जब पूछा गया तो उन्होंने कोई भविष्यवाणी करने से इनकार कर दिया. पूर्व कप्तान का कहना था कि वनडे विश्व कप का आयोजन होने में अभी काफी समय बाकी है. ऐसे में इसे लेकर कुछ भी बोलना बहुत जल्दबाजी होगी. 2027 वनडे विश्व कप अक्टूबर में खेला जाना है.
गांगुली ने अपना उदाहरण देते हुए कहा, उनको अपने करियर के दौरान एक वक्त पर तकरीबन एक साल के लिए वनडे टीम से बाहर कर दिया गया था. लोग सोच रहे थे अब उनकी वापसी मुश्किल है लेकिन उन्होंने टीम में जगह बनाई. ऐसे में शमी के लिए भी कुछ कहना सही नहीं होगा.
भारतीय टीम में मोहम्मद शमी ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के बाद वापसी की थी. उन्होंने फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी टी20 मुकाबला खेला था. वहीं मार्च में न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ आखिरी बार वनडे मुकाबला खेलने उतरे थे. टेस्ट की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में वो आखिरी बार जून 2023 में खेलने उतरे थे.

