Last Updated:
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइकर को सफेद रंग की कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सड़क पर कई मीटर तक घिसटती चली गई और उससे चिंगारियां निकलने लगीं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज की है. आरोपी की तलाश जारी है.
सड़क पर रफ्तार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. लेकिन गुरुग्राम से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया है. बेहद पॉश गोल्फ कोर्स रोड पर सिया नाम की एक लेडी बाइकर को सफेद रंग की कार ने टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बाइक सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई और डामर से भयानक चिंगारियां उठने लगीं. महिला बाइकर सड़क पर गिरकर जख्मी हो गई, जबकि कार सवार मौके से गाड़ी दौड़ाकर रफूचक्कर हो गया. यह पूरी घटना सुपरबाइक पर लगे एक्शन कैमरे में कैद हो गई. इस हादसे का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो आते ही पूरे देश में आक्रोश फैल गया. अब गुरुग्राम पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज कर ली है. आरोपी की तलाश तेज हो चुकी है.
क्या हुआ था गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर उस दिन?
कार सवार लगातार अपनी गाड़ी को उनकी बाइक के बेहद करीब ला रहे थे. उनका ड्राइविंग अंदाज बेहद आक्रामक था. सिया ने जब उन्हें दूरी बनाकर चलने का इशारा किया, तो कार सवारों ने उनसे बदतमीजी शुरू कर दी. उन्होंने लड़की को बाइक रोकने का फरमान सुना दिया. सिया के मुताबिक कार सवार नशे में धुत लग रहे थे. इस वजह से सड़क पर उनकी जान सांसत में पड़ गई थी.
लड़की ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए अपनी बाइक की रफ्तार थोड़ी बढ़ा दी. वह नहीं चाहती थीं कि कार उनके आगे आकर रास्ता ब्लॉक कर दे. इसी बीच सिया के पीछे चल रहे उनके एक साथी बाइकर ने बीच में आकर कार को रोकने की कोशिश की. उसने अपनी बाइक को कार और सिया के बीच में लाकर एक ढाल की तरह खड़ा कर दिया.
इसके बावजूद कार ड्राइवर अपनी हरकतों से बाज नहीं आया. उसने पीछे से तेजी से कार निकाली और कट मारते हुए सीधे सिया की स्पोर्ट्स बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही सिया उछलकर सड़क पर गिर पड़ीं. उनकी भारी-भरकम स्पोर्ट्स बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई. सड़क पर लोहे और डामर की रगड़ से आग की चिंगारियां उठने लगीं. गनीमत रही कि राइडिंग गियर्स की वजह से कोई बहुत बड़ा हादसा टल गया.
View this post on Instagram

