Oracle layoff: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में शुमार Oracle में छंटनी का सिलसिला बरकरार है। कंपनी के कर्मचारियों की मंगलवार की सुबह की शुरुआत एक ऐसे ईमेल से हुई जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। यह मैसेज सुबह करीब 6 बजे भेजा गया था। ”हम आपकी नौकरी के बारे में कुछ मुश्किल खबर शेयर कर रहे हैं… आज आपका आखिरी वर्किंग डे है।”
प्रभावित कर्मियों की संख्या नहीं बताई
Business Insider के अनुसार, ये नई कटौतियां ऐसे समय में हुई हैं जब Oracle आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी खर्च कर रही है। ओरेकल ने यह नहीं बताया है कि इस बार कितने कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। नौकरी से निकाले जाने वाले ईमेल में कर्मचारियों को बताया गया कि ”बड़े संगठनात्मक बदलाव” के तहत उनके पद खत्म किए जा रहे हैं। इसमें किसी खास कर्मचारी को क्यों निकाला जा रहा है, इसका अलग से कोई कारण नहीं बताया गया।
मांगा पर्सनल ईमेल
कर्मचारियों को यह भी बताया गया कि ओरेकल के कंप्यूटर, ईमेल, वॉइसमेल और फाइलों तक उनका एक्सेस जल्द ही बंद कर दिया जाएगा। उनसे कहा गया कि वे सेवरेंस (नौकरी छूटने पर मिलने वाली रकम) और नौकरी छोड़ने से जुड़े अन्य दस्तावेजों की जानकारी पाने के लिए अपना पर्सनल ईमेल एड्रेस दें। ईमेल के अचानक आने की वजह से यह ताजा दौर खास तौर पर चौंकाने वाला रहा है। कर्मचारियों के लिए, मैसेज मिलने और कंपनी के सिस्टम का एक्सेस खोने के बीच बहुत कम समय था।
AI पर अरबों का खर्च
Oracle AI के बढ़ते चलन के लिए जरूरी डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने पर भारी खर्च कर रहा है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कैपिटल एक्सपेंडिचर (पूंजीगत खर्च) पर 28.5 अरब डॉलर खर्च किए, जो एक साल पहले इसी अवधि में खर्च किए गए 8.5 अरब डॉलर से तीन गुना से भी ज्यादा है।
अरबों के क्लाउड कॉन्ट्रैक्ट किए
Oracle ने पूरे साल के लिए अपने कैपिटल एक्सपेंडिचर का अनुमान 90 अरब डॉलर से 95 अरब डॉलर के बीच ही बनाए रखा है। साथ ही, इसकी AI क्लाउड सेवाओं की मांग भी मजबूत रही है। Oracle ने बताया कि उसने इस तिमाही के दौरान 30 अरब डॉलर से ज्यादा के अतिरिक्त AI क्लाउड कॉन्ट्रैक्ट साइन किए हैं।

