नई दिल्ली. भारत के लिए एशियन गेम्स 2026 से खुशी से झूमने वाली खबर सामने आई है. भारतीय शूटिंग टीम ने देश के लिए मेडल हासिल कर देशवासियों के गर्व का पल दिया. भारत की स्टार निशानेबाज एलावेनिल वालारिवन ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है. आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में एलावेनिल ने अचूक निशाने से भारत के लिए मेडल जीता और पोडियम पर जगह बनाई.
भारतीय टीम की स्टार निशानेबाज एलावेनिल से देश को गोल्ड की उम्मीद थी. उन्होंने जापान की हिनाता ताइची को कड़ टक्कर दी लेकिन आखिरी वक्त में सिल्वर से संतोष करना पड़ा. हिनाता ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि दक्षिण कोरिया की बान ह्यो-जिन ने कांस्य पदक जीता. फाइनल की शुरुआत से ही एलावेनिल ने शानदार लय बनाए रखी. पहली सीरीज के बाद 53.1 के स्कोर के साथ सबसे आगे बनी हुई. भारत की तरफ से सोनम मस्कर भी फाइनल में मेडल की दावेदारी पेश कर रही थी. पहली सीरीज में उन्होंने 52.1 के स्कोर किया और 7वें स्थान पर रहीं. दस शॉट के बाद सोनम का स्कोर 104.2 था. एलावेनिल ने 106.0 अंकों हासिल किए.
जब एलिमिनेशन राउंड शुरू हुआ तो सबकी नजर भारतीय स्टार एलावेनिल पर थी. उन्होंने अपने फैंस को निराश नहीं किया और सटीक निशाने लगाते हुए 12 शॉट से 126.9 अंकों लेकर पहले स्थान जगह बनाई. सोनम 125.4 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर थीं. एलावेनिल ने 10.8 और 10.7 जैसे शानदार शॉट लगाए और 14 शॉट के बाद 148.4 अंक हासिल किए. 20 शॉट के बाद भी एलावेनिल 211.1 अंकों के साथ सबसे आगे थीं.जापान की हिनाता 210.8 के स्कोर के साथ उनके बेहद करीब थीं. 22 शॉट के बाद मुकाबला और रोमांचक हो गया, जब हिनाता 232.2 अंकों के साथ आगे निकल गईं और एलावेनिल 231.9 के साथ दूसरे स्थान पर आ गईं. आखिरी शॉट में एलावेनिल ने 10.1 अंक हासिल किए, जबकि हिनाता ने 10.2 पर निशाना साधा. इसी के साथ तय हो गया कि भारतीय खिलाड़ी को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ेगा.

