Jammu train attack: जम्मू-कश्मीर के सांबा रेलवे स्टेशन के करीब सोमवार देर रात जम्मू तवी-कोलकाता एक्सप्रेस पर पथराव किया गया। हमले में इंजन के शीशे टूट गए। इस घटना के बाद ट्रेन में यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोको पायलट ने घटना की सूचना सांबा रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस और रेल अधिकारियों को दी। अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
यात्रियों को लगा गोलीबारी हुई
सांबा में रेल अधिकारियों ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी, जिसके बाद विभाग हरकत में आया और सभी रेलगाड़ियों की आवाजाही बंद दी गई। करीब तीन घंटे तक आवाजाही बाधित रही। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि ट्रेन पर पथराव हुआ न कि गोलीबारी।
रेल यात्रियों में मची अफरा-तफरी
लोको पायलट घटना की जानकारी देने के बाद अपने गंतव्य की ओर बढ़ गया। घटना सोमवार की रात 9:30 बजे की है जब जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस कोलकाता की ओर निकली थी कि अचानक सांबा रेलवे स्टेशन के पहले उस गाड़ी पर किसी ने पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद रेल यात्रियों में अफरा तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों को लगा कि ट्रेन पर गोलाबारी की गई है।
पठानकोट में बदला गया इंजन
इंजन का शीशा टूटने के कारण लोको पायलट को परेशानी हो रही थी। सांबा में इंजन बदलने की कोई व्यवस्था नहीं थी। सांबा से निकलने के बाद ट्रेन पठानकोट में रुकी, जिसके बाद इंजन को बदला गया।

