IMD Weather Update 10 November 2026: नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही देश के मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरे और धुंध का असर दिखाई दे रहा है, जबकि पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बन रही है। दूसरी ओर दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लेटेस्ट बुलेटिन के अनुसार 10 नवंबर को दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि हिमाचल प्रदेश में बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। 11 नवंबर से पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश का खतरा भी बना हुआ है। वहीं, 12 से 15 नवंबर के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और पंजाब के मौसम में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-NCR में सुबह कोहरा, दिन में धूप
दिल्ली-NCR में 10 नवंबर को मौसम सामान्य रहने की संभावना है। IMD के अनुसार राजधानी में न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह के समय मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने की संभावना है। फिलहाल दिल्ली के लिए बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और बहादुरगढ़ सहित NCR के आसपास के इलाकों में भी सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर महसूस हो सकता है।
हरियाणा के कई जिलों में कोहरे की संभावना
हरियाणा में 10 नवंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। IMD ने हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए फिलहाल बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, सुबह के समय राज्य के कुछ हिस्सों में कोहरा देखने को मिल सकता है। रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, कैथल, जींद, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और पंचकूला समेत प्रदेश के मैदानी इलाकों में मौसम स्थानीय स्तर पर बदल सकता है। फिलहाल इन जिलों के लिए अलग-अलग बारिश की चेतावनी नहीं है।
पंजाब में 12 नवंबर से बदल सकता है मौसम
पंजाब में 10 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा छा सकता है। अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, लुधियाना, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, मोहाली, पटियाला, संगरूर, बरनाला, मलेरकोटला, बठिंडा, मानसा, फरीदकोट, मुक्तसर और फिरोजपुर में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। पंजाब के मौसम में असली बदलाव 12 नवंबर से देखने को मिल सकता है। IMD के अनुसार 12 से 15 नवंबर के बीच राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल में बारिश और बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में 10 नवंबर से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है। IMD के अनुसार 10 से 15 नवंबर के बीच राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में तापमान कम रहने के कारण बर्फबारी की संभावना भी बन सकती है। मौसम में इस बदलाव के पीछे 10 नवंबर की रात से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ प्रमुख कारण होगा। शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में स्थानीय मौसम परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग प्रभाव देखने को मिल सकते हैं। 12 और 13 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
UP, राजस्थान, एमपी और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में 10 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। राजस्थान में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। जयपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर सहित अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की कोई बड़ी गतिविधि अपेक्षित नहीं है। मध्य प्रदेश में भी 10 से 15 नवंबर के दौरान मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। बिहार में 10 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इसके बाद 11 नवंबर को भी कुछ इलाकों में गरज-चमक देखने को मिल सकती हैं।
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर भारत का मौसम
दक्षिण भारत में 10 नवंबर को सबसे ज्यादा बारिश की गतिविधियां तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में देखने को मिल सकती हैं। IMD ने इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। केरल और माहे में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कर्नाटक और तेलंगाना में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव का संकेत नहीं है। दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत में मौसम सक्रिय बना रहेगा। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 नवंबर तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 10 और 11 नवंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक तथा बिजली गिरने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 10 से 14 नवंबर के बीच भारी बारिश की आशंका है।

