Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। शव का अंतिम संस्कार करने के लिए उसे वाराणसी ले जा रहे वाहन को एक तेज रफ्तार टैंकर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन लोगों की हालत गंभीर है। इस घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दनुआ घाटी में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, गिरीडीह के अटका-बगोदर इलाके से 19 लोग एक शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में उनकी सवारी गाड़ी सड़क पर आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से आ रहे एक टैंकर ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर 5 लोगों की मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर के बाद पांच लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
3 लोगों की हालत गंभीर
पुलिस और प्रशासन की टीम भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन पर डॉक्टरों की विशेष निगरानी रखी जा रही है।
गांव में पसरा मातम
हादसे के बाद दनुआ घाटी क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर रास्ता सामान्य कराया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया।

