नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में इस समय हंगामा मचा हुआ है. इंग्लैंड के दौरे पर हुए क्लीन स्वीप के बाद से ही टीम में उथल पुथल का माहौल है. बीच दौरे पर 7 खिलाड़ी बदल दिए गए. टेस्ट टीम के कोच और गेंदबाजी कोच को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. अब खबर है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सपोर्ट स्टाफ में एक और बड़ा बदलाव होने जा रहा है. टीम के बॉलिंग कोच एश्ले नॉफ्के एशियन गेम्स 2026 के बाद अपने पद से हट जाएंगे. नॉफ्के अब नीदरलैंड्स की पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच के तौर पर काम करेंगे.
पीसीबी के साथ काम करने वाले एक और विदेशी कोच ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम का साथ छोड़न का फैसला लिया है. बॉलिंग कोच एश्ले नॉफ्के को नीदरलैंड्स की टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है. उन्होंने क्रिकेट बोर्ड के साथ दो साल का करार किया है. उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ अपना करार बीच में ही खत्म कर दिया है. उनका पाकिस्तान के साथ अनुबंध जून 2027 तक था.

पीसीबी ने नॉफ्के को मई 2025 में पाकिस्तान की व्हाइट-बॉल टीम का बॉलिंग कोच नियुक्त किया था. अब वह नीदरलैंड्स में रयान कुक की जगह लेने जा रहे हैं. उनके कार्यकाल के बाद नॉफ्के के सामने नीदरलैंड्स को 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कराने की चुनौती होगी. उनका कार्यकाल 2028 टी20 वर्ल्ड कप तक भी रहेगा. पाकिस्तान के सपोर्ट स्टाफ में पिछले कुछ महीने में 5 से 6 बदलाव हो चुके हैं. जुलाई 2026 में फील्डिंग कोच शेन मैकडरमॉट ने अपना पद छोड़ा था. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के बाद बैटिंग कोच हनीफ मलिक और फिजियोथेरेपिस्ट क्लिफ डीकोन ने भी इस्तीफा दे दिया था.
इंग्लैंड के दौरे पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला लॉर्ड्स में खेला गया था. इस मुकाबले में हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टेस्ट कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया था. कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को अचानक पद से हटा दिया गया. बर्मिंघम में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच से पहले नॉफ्के को रातों-रात इंग्लैंड बुलाकर व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन के साथ काम करने के लिए कहा गया.
नीदरलैंड्स के साथ नई जिम्मेदारी को लेकर नॉफ्के उत्साहित हैं. नीदरलैंड्स ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की कर ली है. टीम की नजर 2028 टी20 वर्ल्ड कप में जगह बनाने पर भी है. पिछले वनडे वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स ने दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश जैसी टीमों को हराकर प्रभावित किया था. 2026 टी20 वर्ल्ड कप में उसकी एकमात्र जीत नीदरलैंड्स के खिलाफ रही थी.

