नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ बीच रिश्ते को लेकर लगातार बात की जाती है.इंग्लैंड के दौरे पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ उनकी फोटो वायरल हुई. ऐसे में अब कोच ने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है. गंभीर का कहना है कि किसी भी कोच के लिए कप्तान के साथ मजबूत तालमेल बेहद जरूरी होता है. दोनों का अंतिम लक्ष्य टीम के हित में सही फैसला लेना होना चाहिए.
गंभीर नहीं मानते कि रोहित के साथ उनका रिश्ता सिर्फ कोच और कप्तान तक सीमित रहा. उनका कहना है कि दोनों एक-दूसरे को काफी लंबे समय से जानते हैं. जब रोहित ने भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, उस समय गंभीर टीम के सीनियर खिलाड़ियों में शामिल थे. गंभीर ने कहा कि रोहित और उनका रिश्ता उस समय से है, जब रोहित इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे थे. ऐसे में जब गंभीर कोच बने तो दोनों के लिए एक-दूसरे को समझना बेहद आसान था.
गंभीर ने JioStar से कहा, “रोहित और मेरा रिश्ता सिर्फ कप्तान और कोच का नहीं था. जब रोहित भारतीय टीम में आया था, उस समय मैं टीम का एक सीनियर खिलाड़ी था. ऐसे में रोहित और मेरा रिश्ता तभी से है. वो मुझे तब से जानते हैं जब मैं खिलाड़ी था. ऐसा नहीं है कि रोहित और मेरे बीच कोई नया रिश्ता बना था. मैं भी भारत का ही हूं, किसी दूसरे देश से कोच बनकर आया था. ऐसा तो नहीं था क रोहित को खेलते हुए नहीं देखा, न ही व्यक्तिगत तौर पर उसे जानता था कि वह किस तरह का इंसान है.”
“जब आप किसी के साथ एक टीम में पहले खेल चुके होते हैं, तो चीजें काफी आसान हो जाती हैं. वह मेरी सोच को जानता है और मैं उसकी सोच को समझता हूं. ऐसा हो सकता है कि कल मेरी सोच कुछ और हो और कप्तान की सोच कुछ अलग हो, लेकिन आखिर में अगर फैसला टीम के हित में लिया जाता है. इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता,मैंने कहा कि जिन चार कप्तानों के साथ मैंने काम किया है, उन सभी के साथ मेरा अनुभव यही रहा है कि हर किसी की मंशा भारतीय क्रिकेट के हित में रही है.”

