Seema Kumari Scripts History in Asian Games: एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए एथलेटिक्स से बड़ी खबर सामने आई है। भारत की लंबी दूरी की धावक सीमा कुमारी ने महिलाओं की 10,000 मीटर स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। उन्होंने फाइनल में 32:50.05 का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। इस पदक के साथ भारत ने एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स में अपना पहला पदक हासिल किया है। सीमा का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है, क्योंकि भारत को एशियन गेम्स की महिलाओं की 10,000 मीटर स्पर्धा में 16 साल बाद पदक मिला है। इससे पहले 2010 के ग्वांगझू एशियन गेम्स में प्रीजा श्रीधरन ने गोल्ड और कविता राउत ने सिल्वर मेडल जीता था।
आखिरी दौर में सीमा ने पकड़ी रफ्तार
मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित फाइनल में सीमा ने शुरुआत से ही अग्रणी धावकों के साथ अपनी स्थिति बनाए रखी। शुरुआती 2,000 मीटर तक वह आगे चल रही थीं। पहले 1,000 मीटर की दूरी उन्होंने 3:18.12 में पूरी की, जबकि 2,000 मीटर तक उनका समय 6:36.13 रहा। दौड़ आगे बढ़ने के साथ रफ्तार बढ़ी और सीमा कुछ समय के लिए चौथे स्थान पर खिसक गईं। हालांकि उन्होंने अपनी गति बनाए रखी। आखिरी 1,000 मीटर में उन्होंने फिर तीसरा स्थान हासिल किया और फिनिश लाइन तक इसे बरकरार रखते हुए ब्रॉन्ज अपने नाम कर लिया।
विनफ्रेड यावी ने जीता गोल्ड मेडल
महिलाओं की 10,000 मीटर स्पर्धा में बहरीन की विनफ्रेड यावी ने गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 32:39.18 का समय निकाला। जापान की नोजोमी तनाका 32:41.54 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और सिल्वर मेडल जीता। सीमा ने 32:50.05 के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। कजाकिस्तान की डेजी जेप्केमेई 33:03.21 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
16 साल बाद भारत को मिला पदक
सीमा का ब्रॉन्ज एशियन गेम्स में महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में भारत का 16 साल बाद आया पदक है। 2010 में भारत ने इस स्पर्धा में दो पदक जीते थे। प्रीजा श्रीधरन ने गोल्ड और कविता राउत ने सिल्वर अपने नाम किया था। इसके बाद इस इवेंट में भारत को पोडियम फिनिश का इंतजार था। सीमा इस स्पर्धा में एशियन गेम्स पदक जीतने वाली भारत की तीसरी महिला एथलीट भी बनी हैं।
कौन हैं मेडल जीतने वाली सीमा कुमारी?
10 जनवरी 2001 को हिमाचल प्रदेश में जन्मी सीमा कुमारी 5,000 और 10,000 मीटर की लंबी दूरी की दौड़ में भारत का प्रतिनिधित्व करती हैं। वर्ल्ड एथलेटिक्स के रिकॉर्ड के अनुसार 10,000 मीटर में उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 32:02.43 है, जो उन्होंने मार्च 2026 में दर्ज किया था। 5,000 मीटर में उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 15:16.20 है। सीमा ने इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं। उन्होंने 2024 एशियन क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में सीनियर महिला वर्ग का गोल्ड और 2025 FISU वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में 5,000 मीटर का सिल्वर मेडल जीता था। 2026 में उन्होंने 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10,000 मीटर का गोल्ड भी हासिल किया।

