नई दिल्ली. पिछले कुछ दिनों से चर्चा में बना हुआ मामला फिलहाल शांत हो गया है. देशभर के करोड़ों बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है. सोमवार, 28 सितंबर से शुरू होने वाली बैंक कर्मचारियों की तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने फिलहाल टाल दिया है. इस फैसले को हड़ताल से पहले रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ हुई अहम बैठक में लिया गया.
UFBU की माने तो रविवार, 27 सितंबर की रात 9:30 बजे बैंक यूनियनों और IBA के बीच एक बैठक की गई थी. इसमें बातचीत के बाद कई मुद्दे ऐसे थे जिनके ऊपर आगे चर्चा के लिए सहमति बन गई. इसके तहत महीने में हर शनिवार को बैंक छुट्टी घोषित करने मतलब ‘पांच दिन की बैंकिंग’ की मांग पर IBA और UFBU की संयुक्त समिति गठित करेगी. यह समिति उन तमाम विकल्पों पर विचार करेगी और इससे जुड़े सभी पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश करेगी. बैंक ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए ही कोई भी फैसला लिया जाएगा.
Bank strike deferred after the meeting between the Indian Banks’ Association (IBA) and the United Forum of Bank Unions (UFBU) tonight. pic.twitter.com/SPJUwp63p2
— ANI (@ANI) September 27, 2026
इसके अलावा स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना में बदलाव को लेकर भी IBA के साथ बातचीत शुरू होगी. यूनियन इस योजना से जुड़ी अपनी चिंताओं को सरकार के सामने रखने की मांग कर रही है. 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि उनका जल्द समाधान निकाला जा सके. इन सहमतियों के बाद UFBU ने फिलहाल प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और हड़ताल वापस लेने का फैसला किया. ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन के अध्यक्ष आर. सेकरेन ने IBA ने ‘पांच दिन की बैंकिंग’ की मांग की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय समिति बनाने पर सहमति जताई है. इस समिति में UFBU के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे और सभी संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद मांग पर विचार किया जाएगा.

