नई दिल्ली. भारत में खेले जाने वाले एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 से पाकिस्तान की टीम ने अपना नाम वापस लिया. टूर्नामेंट में इस टीम के खेलने पर पहले से ही संशय बना हुआ था. पाकिस्तान के हॉकी फेडरेशन की तरफ से इसकी घोषणा करने के बाद से ही रिप्लेसमेंट की इंतजार बढ़ गया था. बांग्लादेश की टीम को पाकिस्तान की जगह पर इस मेगा चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने के लिए चुना गया है.
चार बार की विश्व कप विजेता पाकिस्तान की टीम ने शुक्रवार (9 अक्टूबर) को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 से अपना नाम वापस ले लिया. इसका फायदा बांग्लादेश को मिला और उसकी टूर्नामेंट एंट्री हो गई. एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम गोल्ड मेडल जीतकर आ रही है. 27 अक्टूबर को जालंधर में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में टीम अपने अभियान की शुरुआत करेगी. इससे पहले टीम को पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेलना था. अब जबकि बांग्लादेश ने उसकी जगह दी है तो यह मैच इसी टीम के साथ खेला जाएगा.

इस बार के एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब के दो शहरों में किया जाएगा. टूर्नामेंट के मुकाबलों को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम को चुना गया है. वहीं मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में कुछ मुकाबले खेले जाएंगे. जालंधर में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक लीग स्टेज के मुकाबले आयोजित होंगे. इसके बाद टूर्नामेंट के अंतिम और निर्णायक मुकाबले मोहाली में खेले जाएंगे. सेमीफाइनल और पदक मुकाबले ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होंगे. सेमीफाइनल 4 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि कांस्य पदक और स्वर्ण पदक के मुकाबले 5 नवंबर को आयोजित होंगे.
इस टूर्नामेंट में एशिया की छह प्रमुख हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी. इनमें मौजूदा खिताब विजेता और एशियन गेम्स चैंपियन भारत के अलावा मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और बांग्लादेश शामिल हैं. छहों टीमें राउंड-रॉबिन लीग प्रारूप में खेलेंगी. प्रत्येक टीम को पांच-पांच मुकाबले खेलने होंगे. लीग चरण के अंत में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी.
27 अक्टूबर: भारत बनाम बांग्लादेश
29 अक्टूबर: भारत बनाम चीन
30 अक्टूबर: भारत बनाम जापान
1 नवंबर: भारत बनाम मलेशिया
2 नवंबर: भारत बनाम दक्षिण कोरिया
भारत के लीग चरण के सभी पांच मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होंगे.

