नई दिल्ली. देश की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी और विपक्षी दल कांग्रेस को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करने के लिए दिल्ली पुलिस से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिल गया है. INDIA गठबंधन को कथित चुनावी गड़बड़ियों के खिलाफ 1 नवंबर को यह रैली करने वाली है. पुलिस ने रैली के लिए कई शर्तें रखी हैं. इनमें भीड़ को संभालने, CCTV कैमरे लगाने, भाषणों, वाहनों की पार्किंग और कार्यक्रम खत्म होने के समय से जुड़े नियम शामिल हैं.
विपक्षी गठबंधन कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर अपनी सबसे बड़ी रैली करने की तैयारी में है. गठबंधन की मांग है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जवाबदेही तय की जाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें. कांग्रेस ने इस रैली में 10 लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए देशभर से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बुलाया जा रहा है.
कांग्रेस के नेतृत्व में होने वाली इस रैली को लेकर जो बातें सामने आ रही है वो आपको भी जान लेना चाहिए. पुलिस के अनुसार, कांग्रेस को रामलीला मैदान की बुकिंग के लिए 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक NOC दी गई है. इसके लिए जमीन के मालिकाना हक वाले संबंधित प्राधिकरण की अनुमति भी जरूरी होगी. रैली 1 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी. इसका मतलब है कि इस रैली को करने के लिए सिर्फ 7 घंटे का समय दिया गया है.

INDIA गठबंधन ने जिस रैली को करने की घोषणा की है इसके लिए पुलिस ने आयोजकों को रामलीला मैदान के प्रमुख स्थानों पर हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं. इनमें प्रवेश और निकास द्वार, मंच, मैदान के आसपास के इलाके और बैठने की व्यवस्था वाले हिस्से शामिल हैं. CCTV व्यवस्था में रिकॉर्डिंग की सुविधा, निगरानी के लिए कम से कम पांच स्क्रीन और एक अलग कंट्रोल रूम होना जरूरी है.
आयोजकों को पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर और शौचालय उपलब्ध कराने होंगे. महिलाओं के लिए अलग शौचालयों की व्यवस्था भी करनी होगी. भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने होंगे. इन स्वयंसेवकों के कपड़े एक जैसे होने चाहिए या उनके पास एक जैसे पहचान बैज होने चाहिए, ताकि उन्हें आसानी से पहचाना जा सके.

पुलिस की शर्तों के मुताबिक, रैली 1 नवंबर को शाम 5 बजे तक खत्म करनी होगी. इसके बाद लोगों को मैदान से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू करनी होगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में कार्यक्रम का समय नहीं बढ़ाया जा सकता. आयोजकों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि रैली से पहले या उसके बाद कोई भी व्यक्ति रामलीला मैदान में रात न बिताए. बस, कार, टेंपो और अन्य वाहनों को ट्रैफिक पुलिस की ओर से तय स्थानों पर ही पार्क करना होगा.
पुलिस ने आयोजकों को रैली शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. प्रतिभागियों को हंगामा करने या अव्यवस्थित व्यवहार से रोकने की जिम्मेदारी भी आयोजकों की होगी. इसके अलावा, रामलीला मैदान के अलावा किसी अन्य स्थान की ओर मार्च निकालने की अनुमति नहीं होगी.
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के मुख्यालय में पार्टी के अग्रिम संगठनों के प्रमुखों के साथ बैठक की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर रैली की तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में AICC के कोषाध्यक्ष अजय माकन भी शामिल हुए.

