Maharashtra MLC Election Result 2026: महाराष्ट्र विधान परिषद के नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी ने बीजेपी प्रत्याशी सुधाकर कोहले को 3271 वोटों से हराकर अपनी सीट बरकरार रखी। गुरुवार सुबह घोषित हुए इस नतीजे को नागपुर में बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। खास बात यह है कि नागपुर को भाजपा का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र माना जाता है और यहां पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का प्रभाव रहा है। इसके बावजूद इस सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली।
40 घंटे से ज्यादा चली मतगणना
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतगणना 27 अक्टूबर को शुरू हुई थी और अंतिम परिणाम आने में 40 घंटे से अधिक का समय लगा। शुरुआती दौर में भाजपा प्रत्याशी सुधाकर कोहले ने बढ़त बना ली थी, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया था। दूसरे दौर की पहली वरीयता के मतों की गिनती के बाद कोहले को 60,924 वोट मिले थे, जबकि अभिजीत वंजारी को 56,630 मत प्राप्त हुए थे। इसके बाद दूसरी वरीयता के मतों की गिनती और उम्मीदवारों के क्रमिक निष्कासन की प्रक्रिया अपनाई गई। अंतिम गणना में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने बाजी मार ली।
वंजारी को मिले 67,231 वोट
अभिजीत वंजारी को कुल 67,231 वोट मिले, जबकि भाजपा के सुधाकर कोहले को 63,960 मत प्राप्त हुए। इस तरह वंजारी ने 3,271 मतों के अंतर से जीत हासिल की। निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले को 24,249 वोट मिले। निर्वाचन अधिकारी और विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी ने परिणाम घोषित होने के बाद वंजारी को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। इस जीत के साथ कांग्रेस ने नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपना प्रतिनिधित्व बरकरार रखा।
महाराष्ट्र MLC चुनाव का रिजल्ट
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर हुए चुनाव में मुकाबला दिलचस्प रहा। नागपुर स्नातक सीट पर कांग्रेस, पुणे और छत्रपति संभाजीनगर की स्नातक सीटों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और अमरावती शिक्षक सीट पर शिवसेना ने जीत दर्ज की। वहीं, पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के उम्मीदवार विजयी रहे। नागपुर में अभिजीत वंजारी की जीत ने राज्य की राजनीतिक चर्चाओं को नई दिशा दी है।

