Chhath Puja 2026: दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के मौके पर सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान किया है। इसके लिए सरकार ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। सरकार ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, ”प्रतिहार षष्ठी या सूर्य षष्ठी (छठ पूजा) के अवसर पर, 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।”
सीएम ने की छठ को लेकर बैठक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को अधिकारियों और और छठ पूजा समितियों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी। इस बैठक में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ लाखों लोगों की आस्था, विश्वास और परंपराओं से गहराई से जुड़ा त्योहार है। सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालुओं को प्रार्थना करते समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय में काम करने और घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था करने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न छठ पूजा समितियों के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
November 16, 2026 (Monday), has been declared a public holiday across Delhi for all government offices, autonomous bodies, and Public Sector Undertakings (PSUs) on the occasion of Pratihar Shashthi or Surya Shashthi (Chhath Puja). https://t.co/8FPqnsx0BA
— Delhi Government (@DelhiGovDigital) November 10, 2026
13-16 नवंबर तक छठ पूजा
छठ पूजा चार दिनों तक मनाई जाएगी, जो 13 नवंबर से 16 नवंबर तक चलेगी। यह त्योहार सूर्य देव और छठी मैया की पूजा को समर्पित है। भक्त सूर्य देव के प्रति आभार व्यक्त करने और अपने परिवार की भलाई व समृद्धि की कामना के लिए विभिन्न अनुष्ठान करते हैं, प्रार्थना करते हैं और व्रत रखते हैं। यह त्योहार विशेष रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बहुत महत्वपूर्ण है। दिल्ली और देश के कई अन्य हिस्सों में भी इसे पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय
इस त्योहार की शुरुआत ‘नहाय-खाय’ से होती है। इस दिन भक्त पवित्र स्नान करते हैं, अपने घरों की साफ-सफाई करते हैं और पारंपरिक भोजन तैयार करके व्रत की शुरुआत करते हैं।
14 नवंबर, शनिवार: खरना
इस दिन भक्त पूरे दिन व्रत रखते हैं और शाम को ‘खरना’ की रस्में पूरी करते हैं। व्रत के कठिन चरण (निर्जला उपवास) शुरू होने से पहले, पारंपरिक प्रसाद तैयार करके अर्पित किया जाता है।
15 नवंबर, रविवार: संध्या अर्घ्य
यह छठ पूजा का मुख्य शाम का अनुष्ठान है। भक्त नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के किनारे इकट्ठा होते हैं और डूबते हुए सूर्य को ‘अर्घ्य’ देते हैं। टोकरियों में फल और ठेकुआ जैसी पारंपरिक सामग्री सजाई जाती है।
16 नवंबर, सोमवार: उषा अर्घ्य और पारण
इस त्योहार का समापन उगते हुए सूर्य को प्रार्थना और अर्घ्य देने के साथ होता है। भक्त सुबह ‘उषा अर्घ्य’ देते हैं, जिसके बाद वे ‘पारण’ करके अपना व्रत पूरा करते हैं।

