फरीदाबादः हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में वियतनाम की सॉफ्टवेयर कंपनी के चीफ ऑफरेटिंग ऑफिसर परमजीत की हत्या के मामले की जांच में कई अहम जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा वारदात से पहले सोसायटी के बाहर से डांस करते हुए अपने घर थर्ड फ्लोर पहुंचा. करीब पांच मिनट बाद वह पिस्टल और मैगजीन लेकर पहली मंजिल पर आया और बेल बजाकर परमजीत को बाहर बुलाया. करीब तीन मिनट तक दोनों की आपस में बातचीत होती रही और फिर अचानक से पिस्टल निकालकर मोनू ने परमजीत को गोली मार दी. मोनू ने अपनी कार को परमजीत के घर के गेट के ठीक सामने चालू करके छोड़ दिया था. ताकि वारदात को अंजाम देने के बाद वह तुरंत फरार हो सके. इस हत्याकांड का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
किस वजह से मारी गोली
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान परमजीत ने गोली लगने के बावजूद मोनू को पकड़कर गिरा दिया. इस दौरान उसकी पिस्टल की मैगजीन खाली हो गई थी. लेकिन उसने फिर मैगजीन लोड की और परमजीत को उसकी मां के सामने ही चार गोली मार दी. दोनों पक्षों के बीच हो रही कहासुनी से पता चला है कि हत्यारोपी मोनू को परमजीत के दोस्तों ने पीट दिया था. इसी बदनामी का बदला लेने के लिए वारदात को अंजा्म दिया.
क्या हुई थी अंतिम बातचीत
आरोपी मोनू- धनखड़ साहब, भाई साहब, जरा नीचे आएंगे. गाड़ी लगानी है यार एक बार
आरोपी की आवाज सुनकर परमजीत और उनका बेटा बाहर आया बातचीत करने के लिए
आरोपी मोनू- भैया आप विधवा समझते हो, विधवा क्या होती है.
सीओओ परमजीत- काम बताओ
आरोपी मोनू गुस्से में- मैंने आपसे एक बात पूछी है, विधवा क्या होती है.
सीओओ परमजीत- आप काम तो बताओ, क्या हो गया.
आरोपी मोनू- आपने मुझे उस दिन दोस्तों से पिटवा दिया.
सीओओ परमजीत- मैंने आपको किसी से नहीं पिटवाया. हम बिल्कुल शांति से बैठे थे. आप अपनी बात करे.
आरोपी मोनू- मुझे आपसे बात ही नहीं करनी है.
सीओओ परमजीत- जब बात नहीं करनी है तो बात ही खत्म हो गई.
इतना कहते ही आरोपी मोहन ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी
सीओओ की मां- तूने ये क्या कर दिया.
आरोपी- दीवाली मुबारक हो विधवाओं, सबको मार दूंगा.
परिवार को मिली सुरक्षा
इस हत्याकांड के बाद मृतक परमजीत के परिजनों को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है. परिवार की सुरक्षा के लिए आधुनिक हथियार से लैस दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है. वहीं दूसरी तरफ आरोपी के घर पर ताला लटक रहा है.
