गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम में महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) यूनिट जैसा मामला सामने आया है. धर्मांतरण के लिए बच्चों को प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि एक निजी कंपनी में एचआर के पद पर कार्यरत महिला अपनी तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर बच्चों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रही थी. मामला सेक्टर-56 थाना क्षेत्र के गांव घाटा का है, जहां पिछले करीब सात महीनों से फ्री ट्यूशन देने के बहाने बच्चों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास किया जा रहा था. पुलिस ने रेड कर चारों महिलाओं को मौके से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाएं सेक्टर-56 इलाके के स्लम एरिया में बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने के बहाने अपने पास बुलाती थीं. आरोप है कि बच्चों को खाने-पीने की चीजें देने और पिकनिक पर घुमाने का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता था. पिछले करीब सात महीनों से गांव घाटा इलाके में यह गतिविधियां चल रही थीं. मामले की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-56 थाना पुलिस ने गांव घाटा में रेड की और चारों महिलाओं को मौके से काबू कर लिया.
हर शनिवार दिल्ली से आतीं गुरुग्राम
पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला ललनपुई एक निजी कंपनी में HR के पद पर कार्य करती है. दूसरी आरोपी अशमिता चाहार एक हॉस्पिटल में कैंसर मरीजों के लिए स्वयंसेवक के रूप में कार्य करती है. जबकि राजकुमारी चाओबा सिंह एक निजी कंपनी में लीड एनालिस्ट के पद पर कार्यरत है और आरोपी युवती सुमन अभी बीएड की तैयारी करती है. आरोप है कि ये सभी करीब एक साल से हर शनिवार के दिन दिल्ली से गुरुग्राम आकर बच्चों को शिक्षा और खाने-पीने की वस्तुएं देने के नाम पर निजी पाठशाला संचालित करते हुए उन्हें ईसाई धर्म अपनाने की प्रेरणा दे रही थीं.
क्या बोले एसीपी
एसीपी सदर कपिल अहलावत ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से सीसीटीवी कैमरा और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. गिरफ्तार महिलाओं में एक निजी कंपनी में एचआर के पद पर कार्यरत है, जबकि अन्य महिलाओं में कोई लीड एनालिस्ट तो कोई निजी अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती है. फिलहाल पुलिस चारों महिलाओं से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच की जा रही है.
