Jama Masjid Police Station Attack: दिल्ली के जामा मस्जिद थाने से एक हैरअंगेज घटना सामने आई है। पारिवारिक मामले को सुलझाने के लिए थाने बुलाए गए शख्स ने पुलिस पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य का इलाज संजीवनी अस्पताल में चल रहा है।
पूछताछ के दौरान किया हमला
पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति के खिलाफ अपनी मां और बहन को प्रताड़ित करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी पारिवारिक विवाद की जांच के लिए पुलिस ने आज नबील नामक आरोपी को जामा मस्जिद थाने बुलाया था। दोपहर करीब ढाई बजे जब थाने में उससे पूछताछ की जा रही थी, तभी उसने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर वार कर दिया। हमले में पांच पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं।
बाइक लूटकर हुआ फरार
हमला करने के तुरंत बाद आरोपी थाने से भाग निकला और फरार होने के लिए रास्ते में एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। घायल पुलिसकर्मियों को शुरुआती उपचार के लिए पहले संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर चिकित्सा के लिए तीन को सर गंगा राम अस्पताल रेफर किया गया।
आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ा
घटना के बाद सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट की एक टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे चितली कब्र इलाके में घेर लिया। अरेस्ट करने की कोशिश के दौरान आरोपी ने एक बार फिर पुलिसवालों पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस टीम को भी गोली चलानी पड़ी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

