US Tariff on India: अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की सरकार ने भारत पर एक बार फिर टैरिफ बम फोड़ा है। ट्रंप प्रशासन ने भारत सहित 14 प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों पर 25 प्रतिशत तक नया टैरिफ (आयात शुल्क) लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) के कार्यालय के अनुसार, यह कदम वैश्विक बाजार में सस्ते उत्पादों की बाढ़ और आवश्यकता से अधिक औद्योगिक उत्पादन को रोकने के लिए उठाया जा रहा है।
25 देशों पर टैरिफ की सिफारिश
यूएसटीआर (USTR) की आठ महीने लंबी ‘सेक्शन 301’ जांच में कथित तौर पर पाया गया कि भारत, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, मलेशिया, ताइवान, थाईलैंड और कंबोडिया जैसे देश बाजार के नियमों और मांग से हटकर उत्पादन को बढ़ावा दे रहे हैं।
इसी आधार पर इन देशों पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाने की सिफारिश की गई है। वहीं, चीन पर ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान लगे शुल्कों के अलावा 20 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा।
कब तक हो सकता है लागू?
एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, चीन, यूरोपीय संघ, जापान और दक्षिण कोरिया के मामले में यह नया शुल्क मौजूदा व्यापार समझौतों की सीमा से अधिक नहीं होगा। फिलहाल, यह प्रस्तावित शुल्क सार्वजनिक सुनवाई और सुझावों के लिए रखे जाएंगे। अमेरिकी प्रशासन का मानना है कि इन नए टैरिफ को जनवरी से पहले लागू नहीं किया जाएगा।

