Flipkart CEO Resigns: भारत की बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी Flipkart के CEO कल्याण कृष्णमूर्ति पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। उन्होंने 11 साल से ज्यादा समय तक कंपनी को अपनी सेवाएं दी हैं। फ्लिपकार्ट ने यह जानकारी देते हुए बुधवार को कहा कि कल्याण कृष्णमूर्ति कंपनी के सीईओ के रूप में अपना कार्यकाल खत्म कर रहे हैं। कंपनी ने अपने सीईओ को लेकर कहा कि कृष्णमूर्ति ने फ्लिपकार्ट को विकास के एक महत्वपूर्ण दशक में आगे बढ़ाया। उनके नेतृत्व में बिजनेस में 5 गुना से ज्यादा की वृद्धि हुई, जिससे ये भारत की प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों में से एक के रूप में मजबूत हुई और देश के ई-कॉमर्स परिदृश्य को बदलने में मदद मिली।
बंसल के जाने के बाद संभाली कमान
बिजनेस जगत में केके के नाम से मशहूर कल्याण कृष्णमूर्ति वॉलमार्ट के स्वामित्व में फ्लिपकार्ट के बदलाव के केंद्र में रहे हैं। सचिन बंसल और बिन्नी बंसल द्वारा शुरू की गई फ्लिपकार्ट को वॉलमार्ट को बेचे जाने और फाउंडर्स के बाहर निकलने के बाद कृष्णमूर्ति ने ही कंपनी की कमान संभाली थी। इससे पहले वह फ्लिपकार्ट के सबसे बड़े शुरुआती निवेशक टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट में मैनेजिंग डायरेक्टर थे और 2013 में कंपनी के अंतरिम CFO भी थे। जनवरी 2017 में उन्हें फ्लिपकार्ट का सीईओ बनाया गया और 2018 में वह ग्रुप सीईओ बने। एक दशक में अमेजन (Amazon) और मीशो (Meesho) जैसे प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी टक्कर के बीच फ्लिपकार्ट को स्थिरता देने और कामकाज को धार देने का श्रेय उन्हें ही जाता है।
‘बिग बिलियन डेज को सफल बनाया’
फ्लिपकार्ट ने अपने एक बयान में कहा, ”कंपनी के लिए कल्याण कृष्णमूर्ति का योगदान व्यावसायिक विकास तक ही सीमित नहीं है। उनके नेतृत्व में, ‘द बिग बिलियन डेज’ भारत के त्योहारी खरीदारी का पर्याय बन गया। फ्लिपकार्ट ने कई इनोवेशन की शुरुआत की, पूरे देश में अपनी पहुंच बढ़ाई और उपभोक्ताओं तथा विक्रेताओं के लिए नई क्षमताएं और सेवाएं विकसित कीं। उनके नेतृत्व और मजबूत गवर्नेंस के साथ कारोबार पर उनके फोकस ने भारतीय ई-कॉमर्स के विकास को आकार देने में मदद की। उन्होंने एक ऐसा इकोसिस्टम तैयार किया, जिसने व्यवसायों, उद्यमियों और लाखों उपभोक्ताओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं।’
‘कल्याण की वजह से ग्रुप बेहतर स्थिति में’
वॉलमार्ट इंटरनेशनल के प्रेसिडेंट और CEO क्रिस निकोलस ने कहा, ”कल्याण की वजह से फ्लिपकार्ट और वॉलमार्ट दोनों ही बेहतर स्थिति में हैं। हम उनकी लीडरशिप, उनके द्वारा स्थापित गवर्नेंस और कंपनी में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए आभारी हैं। वे अपने अगले सफर की ओर बढ़ रहे हैं और हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। हमें विश्वास है कि फ्लिपकार्ट का भविष्य बहुत शानदार है। हम इसमें मौजूद संभावनाओं को लेकर उत्साहित हैं और भारत में ग्राहकों को पैसे बचाने और बेहतर जीवन जीने में मदद करना जारी रखने के अवसर को लेकर भी उत्साहित हैं।”
‘फ्लिपकार्ट का हिस्सा बनना सौभाग्य की बात’
वहीं, कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा, “फ्लिपकार्ट के सफर का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है। मुझे इस बात पर गर्व है कि हमने कितना बड़ा बिजनेस खड़ा किया है, लेकिन उससे भी ज्यादा गर्व इस बात पर है कि हमने इसे किस तरह से बनाया है। मजबूत नैतिकता, ईमानदारी और गवर्नेंस के उच्च मानक फ्लिपकार्ट के विकास के मूल आधार रहे हैं। हमारी टीम ने लाखों भारतीयों के खरीदारी के तरीके को बदलने में मदद की है। हमने लोगों के लिए विकल्पों का दायरा बढ़ाया है और पूरे देश में विक्रेताओं, उद्यमियों तथा व्यवसायों के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। मैं अपने उन सभी साथियों, विक्रेताओं और साझेदारों का आभारी हूं जो इस सफर का हिस्सा रहे हैं। फ्लिपकार्ट की नींव बहुत मजबूत है और इसका भविष्य बहुत रोमांचक है। मैं पूरी टीम की सफलता की कामना करता हूं।”
संकट के दौर में CEO की विदाई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी में यह बदलाव ऐसे वक्त हो रहा है, जब फ्लिपकार्ट कई आंतरिक चुनौतियों से जूझ रही है। कंपनी का आईपीओ लगातार टल रहा है, जिस पर वॉलमार्ट ने अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है। इससे मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों में अपने ESOPs (शेयर विकल्प) को भुनाने को लेकर भारी नाराजगी है। पिछले महीने ही कम से कम 1,000 पूर्व कर्मचारियों ने स्टॉक बायबैक में बराबरी की मांग को लेकर वॉलमार्ट बोर्ड को पत्र लिखा था। इसके अलावा, कथित रिश्वतखोरी (किकबैक्स) को लेकर वॉलमार्ट की जांच और पिछले एक साल में कम से कम 14 वाइस प्रेसिडेंट और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के इस्तीफे ने भी कंपनी के भीतर माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है।

