नई दिल्ली. भारतीय टीम से बाहर चल रहे जयदेव उनादकट ने इतिहास रच दिया है. गुरुवार (26 नवंबर) को इतिहास के पन्ने में अपना नाम दर्ज करा लिया. उन्होंने टी20 में नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर किया.
सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी 2026 के एलीट ग्रुप-बी मुकाबले में जयदेव उनादकट ने इतिहास रचा. 35 साल के अनुभवी खिलाड़ी ने गुरुवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में सौराष्ट्र की ओर से तमिलनाडु के खिलाफ रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने 26 गेंद में 40 रन की शानदार पारी खेली. हालांकि उनकी पारी काम नहीं आई सौराष्ट्र की टीम यह मुकाबला 38 रन से हार गई. उनादकट की इस पारी ने उन्हें रिकॉर्ड बुक में जगह दिला दी.

यह विश्व रिकॉर्ड इंग्लैंड के तेज गेंदबाज डैनी ब्रिग्स के नाम था. उन्होंने 13 दिसंबर 2020 को होबार्ट में बिग बैश लीग के मुकाबले में 35 रन की पारी खेली थी. एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंद में नाबाद 35 रन बनाए थे. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में सौराष्ट्र के आखिरी लीग मुकाबले में उनादकट ने अपनी पारी के दौरान तीन चौके और दो छक्के लगाए. उन्होंने चेतन सकारिया के साथ मिलकर 10वें विकेट के लिए 49 गेंदों में 62 रन की अहम साझेदारी की. सकारिया 25 गेंद में 21 रन बनाकर नाबाद रहे.
यह टी20 क्रिकेट में 10वें विकेट के लिए संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी है. इस सूची में उनसे आगे केवल ग्रांट इलियट और जुल्फिकार बाबर की जोड़ी है. ग्रांट इलियट और जुल्फिकार बाबर ने 14 फरवरी 2016 को शारजाह में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में ऐसा किया था. क्वेटा ग्लैडिएटर्स की ओर से पेशावर जाल्मी के खिलाफ 10वें विकेट के लिए 63 रन जोड़े थे.
टीम को 154 तक पहुंचाया
गुरुवार को उनादकट सौराष्ट्र की ओर से आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे. उन्होंने मुश्किल परिस्थिति में टीम को संभाला. स्कोर 8.3 ओवर में 9 विकेट पर 92 रन से आगे बढ़ाकर 16.4 ओवर में 154 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. भले ही सौराष्ट्र को मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. जयदेव उनादकट की इस ऐतिहासिक पारी ने टी20 क्रिकेट में एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया.

