नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली से रविवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई. विश्वास नगर इलाके में एक मकान में आग लगने से चार लोगों की झुलसकर मौत हो गई. इस घटना में आग की चपेट में आए दो अन्य लोग अस्वताल में भर्ती हैं. इसे लेकर जो जानकारी सामने आई है उसमें आग शाहदरा जिले में यूनिटी मॉल के पास गली नंबर 11 स्थित एक मकान के पार्किंग एरिया में लगी थी.
दिल्ली फायर सर्विसेज को रविवार सुबह करीब 4 बजकर 13 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली. इसके बाद दमकल विभाग की तीन गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया. इनमें एक वाटर इंजन, एक वाटर बाउजर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) शामिल थी. जानकारी के अनुसार, मकान की ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी थी. यहां ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन संचालित किया जा रहा था. यह मकान करीब 60 वर्ग गज क्षेत्र में बना हुआ था.
#WATCH | Delhi | Shahdara DCP Rajendra Prasad Meena says, “A call regarding a fire was received at the police station. Upon reaching the scene—specifically in Lane No. 11, Vishwas Nagar—it was confirmed that a fire incident had occurred. Four people have died at the site, while two others have been shifted to the hospital; their condition is currently stable. Further action is being taken…Primarily, it seems the fire originated at an e-rickshaw charging point; the people who were sleeping on the first floor were the ones affected…”
— ANI (@ANI) November 29, 2026
ऊपरी मंजिल पर फंसे थे 6 लोग
आग लगने के दौरान मकान की ऊपरी मंजिल पर छह लोग फंस गए थे. सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए. दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (DCP) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस स्टेशन को आग लगने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो विश्वास नगर की गली नंबर 11 में आग लगने की घटना की पुष्टि हुई.
ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से आग लगने की आशंका
इस घटना को लेकर जानकारी देते हुए DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बात की. उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती दो घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट को माना जा रहा है. उन्होंने कहा, “प्रारंभिक तौर पर ऐसा लग रहा है कि आग ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से शुरू हुई. पहली मंजिल पर सो रहे लोग इस घटना से प्रभावित हुए.”

