नई दिल्ली. भारतीय टीम के प्लेइंग इलेवन की चर्चा न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान हो रही है. अब बीच मैच में टीम को अपने अंतिम ग्यारह में बदलाव करना पड़ा. क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन चोटिल होकर आकाशदीप बाहर हो गए. बाकी बचे मुकाबले के लिए तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को भारतीय प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले से मुश्किल में नजर आ रही भारतीय टीम को तीसरे दिन बड़ा झटका लगा. पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले आकाश दीप चोटिल होकर बाहर हो गए. उनको भारत की पहली पारी के दौरान न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन की गेंद पर एक ही ओवर में दो बार हेलमेट पर चोट लगी थी. इसके बाद उन्हें कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर बाहर होना पड़ा.
𝗨𝗽𝗱𝗮𝘁𝗲
Akash Deep got hit on his helmet while batting on Day 3 of the second Test against New Zealand in Christchurch. Prasidh Krishna has replaced him as a concussion substitute.
The BCCI Medical Team is monitoring him.
#TeamIndia | #NZvIND
— BCCI (@BCCI) November 29, 2026
आकाश दीप को पहली पारी में 99 रन देकर पांच विकेट मिले थे. रविवार सुबह भारत की पहली पारी के दौरान जैमीसन की बाउंसर दो बार उनके हेलमेट पर लगी. इसके बावजूद उन्होंने पहले सेशन में बल्लेबाजी जारी रखी और नौवें नंबर पर उतरकर 52 गेंदों में 29 रन बनाए. भारत की पहली पारी खत्म होने के बाद आकाश दीप का कनकशन टेस्ट किया गया. इसके बाद उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में टीम में शामिल किया गया.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी. बोर्ड ने बताया कि मेडिकल टीम आकाश दीप की स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
पहले टेस्ट में खेले थे प्रसिद्ध कृष्णा
प्रसिद्ध कृष्णा ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में हिस्सा लिया था. उस मुकाबले में उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर तीन विकेट हासिल किए थे. दूसरे टेस्ट के लिए उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया था और उनकी जगह गुरनूर बराड़ को मौका मिला था. आकाश दीप का चोटिल होकर बाहर होना भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका है. वह पहली पारी में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे.

