Bihar News: बिहार के समस्तीपुर में भी जमुई जैसी छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें सड़क पर कुछ लोग लड़की और उसके साथ मौजूद एक युवक को घेरते नजर आ रहे हैं। समस्तीपुर पुलिस के मुताबिक, वीडियो सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जगतसिंहपुर गांव की घटना
बताया जा रहा है कि घटना समस्तीपुर के जगतसिंहपुर गांव की है। बुधवार को सामने आए वीडियो में कुछ बाइक सवार लोग एक लड़की और उसके साथ मौजूद एक युवक को गांव की सड़क पर घेरते दिखाई दे रहे हैं।
युवकों ने सड़क पर दिया धक्का
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, लड़की और युवक सड़क पर रुककर तस्वीरें ले रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवक वहां पहुंचे और दोनों को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने लड़की के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसे सड़क पर धक्का दिया।
पुलिस ने की तत्काल कार्रवाई
समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। पुलिस वीडियो के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा है कि मामले में कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

