
गौरी स्प्रैट से तीसरी शादी करने जा रहे है आमिर खान
Aamir Khan & Gauri Spratt Marriage, (द भारत ख़बर), मुंबई: आमिर खान और गौरी स्प्रैट की होने वाली शादी की खबर ने इन दिनों सुर्खियां बटोर रखी है। आमिर खान आगामी 5 जुलाई को तीसरी शादी करने जा रहे हैं। आमिर 61 साल के हो चुके हैं और गौरी करीब 48 साल की हैं। यानी करीब 13 साल का अंतर है। आमिर ने शायद इस बात का ख्याल रखा है कि उनकी उम्र में ज्यादा फासला न हो।
यानी इस मोर्चे पर उन्हें ट्रोल नहीं किया जा सकता। यह कटाक्ष नहीं है कि उनकी इस शिद्दत का पूरी संवेदनशीलता के साथ ख्याल रखा जाना चाहिए। यकीन मानिये तीसरी शादी भी बहस का बड़ा मु्द्दा नहीं है। लेकिन आम लोग ये समझना चाहते हैं कि इन फिल्मी सितारों की शादी के बाद चट तलाक और पट दोस्ती आखिर कैसे हो जाती है।
ख्वाबों की दुनिया है पेज 3
आप ने पेज 3 फिल्म का ये गाना जरूर सुना होगा, कितने अजीब रिश्ते हैं यहां के, दो पल मिलते हैं, साथ-साथ चलते हैं, जब मोड़ आए तो बच के निकलते हैं। पेज 3 मतलब सेलिब्रिटीज की दुनिया। ये सेलिब्रिटीज की दुनिया बड़ी अनोखी होती है। ख्वाबों की यह दुनिया है और ख्वाबों में ही सबको रहने की आदत होती है। यहां सभी अपनी ही धुन के दीवाने हैं। इनमें आमिर खान भी कम धुनी नहीं हैं।
रीना, किरण अब भी आमिर की दोस्त

शादी, तलाक और दोस्ती का किस्सा सबसे पहले आमिर खान से ही शुरू करते हैं- आमिर ने पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से की थी। दो बच्चे हुए, जुनैद और इरा। करीब सोलह सालों के बाद 2002 में उन्होंने तलाक ले लिया। लेकिन ये तलाक दोनों का अलगाव नहीं था।
कलाकार के दावों के मुताबिक तलाक के बाद भी दोनों दोस्त बने रहे। इसके बाद आमिर की जिंदगी में आई किरण राव। दोनों ने साल 2005 में विवाह किया। आमिर भावुक होकर बोले- मैं किरण के बिना अपनी जिंदगी की कल्पना नहीं कर सकता।
तलाक के बाद दोस्त
संयोगवश यह शादी भी करीब सोलह साल चली। जुलाई 2021 में दोनों समझौते के साथ अलग हुए। और यह वादा भी किया कि दोनों तलाक के बाद भी दोस्त बने रहेंगे। कोई हैरत नहीं कि ऐसा देखा भी गया। कई मौके पर आमिर और किरण साथ-साथ दिखे। फिल्में भी बनाई।
अब दूसरे तलाक के बाद आमिर 5 जुलाई 2026 को गौरी स्प्रैट से तीसरी शादी करने जा रहे हैं। खास बात ये कि जिस तरह उन्होंने रीना और किरण से शादी के समय अपने जज्बात जाहिर किए थे कुछ उसी तरह अब कहा कि गौरी के साथ समय बिताकर उनको सुकून मिलता है। ऐसा महसूस होता है कि अब जाकर मैं मुकम्मल हो सका हूं।
ऋतिक-सुजैन तलाक के बाद भी दोस्त

अब कुछ ऐसे फिल्मी जोड़ों का जिक्र करते हैं, जिन्होंने तलाक के बाद भी संबंध विच्छेद नहीं किए। मिलना, जुलना, रेस्टोरेंट में साथ खाना और खास अवसरों पर देर शाम पार्टी करना जारी रखा। बहरहाल कुछ जोड़ों के नजीर पेश हैं- ऋतिक रोशन और सुजैन खान को ही लीजिए। दोनों ने साल 2000 में शादी की। तब इस शादी की खूब चर्चा हुई।
और जब साल 2014 में आपसी रजामंदी से तलाक ले लिया तब भी खूब चर्चा हुई। लेकिन यकीन मानिए जब दोनों ने तलाक के बाद दोस्त बने रहने का ऐलान किया तब यह भी कम चौंकाने वाला नही था। उन्हें अनेक बार सार्वजनिक स्थलों पर साथ-साथ देखा गया था।
अरबाज खान और मलायका अरोड़ा

कुछ यही हाल अरबाज खान और मलायका अरोड़ा का भी था। दोनों करीब 19 साल तक साथ-साथ रहे। उनकी शादी साल 1998 में हुई और तलाक 2017 में।तलाक के बाद भी खास मौकों पर दोनों के परिवारों का मिलना-जुलना जारी रहता है।
ये भी पढ़ें: पिंक बिकिनी में काइली जेनर ने बढ़ाया इंटरनेट का पारा
