Sukhbir Singh Badal Latest News: शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला हुआ था। यह घटना उस समय हुई जब वह हजूर साहिब क्षेत्र स्थित माता साहिब कौर गुरुद्वारे में पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक एक व्यक्ति ने उन पर कृपाण से हमला किया। हमले में सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। हमले के बाद बादल को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने करीब 90 मिनट की सर्जरी के बाद उनकी हालत स्थिर बताई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हमले के बाद बोले- ‘न डरा हूं, न डरूंगा’
नांदेड़ हमले के बाद सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि वह इस तरह के हमलों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग साजिश के तहत उन पर हमला करके पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं। बादल ने कहा, “मैं ना डरा हूं ना डरूंगा। कुछ लोग साजिश के तहत मुझ पर हमला करके पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं। मुझ पर दो बार अटैक हुआ। दोनों बार मैं गुरुद्वारा में था, तभी हुआ। लेकिन मुझे कुछ नहीं हुआ, क्योंकि गुरु साहिब का आशीर्वाद है।” उन्होंने आगे कहा कि वह गुरु साहिब और सभी लोगों का धन्यवाद करना चाहते हैं।
‘मेरे पिता इन ताकतों के आगे कभी नहीं झुके’
सुखबीर बादल ने अपने पिता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी ऐसी ताकतों के सामने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने कहा, “मेरे पिता इन ताकतों के आगे कभी नहीं झुके। वह यह पक्का करने के लिए डटे रहे कि सभी समुदाय एक रहें।” सुखबीर बादल के मुताबिक प्रकाश सिंह बादल ने मुख्यमंत्री रहते हुए पंजाब में सामाजिक मेलजोल और भाईचारे को बनाए रखने के लिए काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें पंजाब का माहौल खराब करना चाहती हैं और उनका मकसद पंजाब पर कब्जा करना है। वह ऐसी कोशिशों को सफल नहीं होने देंगे।
सुखबीर बादल पर दो बार हो चुका है हमला
सुखबीर बादल ने अपने ऊपर हुए दोनों हमलों का जिक्र करते हुए धार्मिक स्थलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने भी ऐसी परिस्थितियों का सामना किया था। बादल ने कहा, “उन्होंने दो बार धार्मिक जगहों पर हमला किया- पहले स्वर्ण मंदिर और फिर हजूर साहिब। लेकिन मैं हमेशा कहता हूं कि जिस पर गुरु साहिब का हाथ होता है, उसे कोई नुकसान नहीं हो सकता। चाहे वे कितनी भी कोशिश कर लें, सब कुछ ऊपर वाले के हाथ में है।” सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के बाहर भी हमला हुआ था।

