पाकिस्तान के अनुरोध पर युद्ध विराम बढ़ाने का लिया फैसला : ट्रंप
US-Iran Ceasefire (द भारत ख़बर), वॉशिंगटन : अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की कोशिशों के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अस्थाई युद्ध विराम बढ़ाने की घोषणा की है। इस संबंधी दिए बयान में ट्रंप ने बताया कि उन्होंने यह कदम पाकिस्तान द्वारा किए गए विशेष अनुरोध के बाद उठाया है। ज्ञात रहे कि अमेरिका द्वारा ईरान के साथ जारी 14 दिन का युद्ध विराम आज समाप्त हो रहा था। इससे पहले ट्रंप ने ईरान को धमकी देते हुए कहा था कि वह किसी भी हालात में युद्ध विराम नहीं बढ़ाएंगे और उनकी सेना एक बड़े युद्ध के लिए तैयार है। लेकिन युद्ध विराम की अवधि समाप्त होने से कुछ घंटे पहले ट्रंप ने इसे बढ़ाने का फैसला लिया।
बातचीत की तैयारी के लिए दिया समय
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच नए दौर की आमने-सामने बातचीत की तैयारी के लिए मध्यस्थों को और समय दिया जा रहा है। ट्रंप ने यह फैसला युद्धविराम की अवधि खत्म होने से कुछ घंटे पहले लिया। उन्होंने कहा कि यह कदम पाकिस्तान के अनुरोध पर उठाया गया है। उन्होंने कहा कि वह ईरान से एक ऐसे प्रस्ताव का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें सभी बातें एक साथ और सहमति के साथ हों।
ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी जारी
इस फैसले से फिलहाल दोबारा जंग शुरू होने का खतरा कम हो गया है। लेकिन दोनों पक्षों के बीच अभी भी गहरे मतभेद हैं। अमेरिका की ओर से ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी अभी भी जारी है। इस बीच, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बना हुआ है। जहां से वैश्विक तेल और गैस का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ईरान ने हाल में इस क्षेत्र में जहाजों पर हमले किए हैं और अमेरिका ने भी एक ईरानी जहाज को रोकने की कार्रवाई की है। स्थिति अभी भी बेहद तनावपूर्ण और अस्थिर बनी हुई है।
अमेरिका और इस्राइल ने 28 फरवरी को युद्ध शुरू किया था, जिसके बाद छह सप्ताह तक संघर्ष चला और इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा। अप्रैल में ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच 14 दिन का अस्थायी युद्धविराम लागू हुआ और यह अब तक काफी हद तक कायम है।

