Pakistan Breaking, (द भारत ख़बर), इस्लामाबाद: पाकिस्तान के अशांत दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में रविवार आर्मी ट्रेन को निशाना बनाकर फिदायीन हमला किया गया, जिसमें 24 सैनिकों समेत 25 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक घायल हो गए। वारदात सुबह उस समय की है जब ट्रेन सेना के जवानों को लेकर जा रही थी। पाकिस्तान के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
एक बोगी पूरी तरह टूटकर एक तरफ गिरी
पुलिस के मुताबिक मौके से प्राप्त तस्वीरों के अनुसार रेलगाड़ी की एक बोगी पूरी तरह टूटकर एक तरफ गिरी दिख रही है और लोग जिंदा बचे अपनों की मलबे पर चढ़कर तलाश कर रहे हैं। वहीं धमाके कारण बुरी तरह जख्मी हुए और खून से लथपथ कुछ लोगों को स्ट्रेचर से पटरी से दूर ले जाते देखा गया। वारदात के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और उसके बाद राहत एवं बचाव का काम चलाया गया।
सेना के जवानों व उनके परिवारों को पेशावर ले जा रही ट्रेन
एक अधिकारी ने बताया धमाके की चपेट में आई ट्रेन सेना के जवानों व उनके परिवारों को क्वेटा से पेशावर ले जा रही थी। गाड़ी जब क्वेटा में चमन फाटक के समीप एक सिग्नल से गुजर रही थी तभी बारूद से भरी एक कार ने ट्रेन की बोगी में टक्कर मार दी जिससे जोरदार विस्फोट हो गया और ट्रेन की खिड़कियों के शीशे टूट गए व आसपास खड़ी गाड़ियां आग लगने से खाक हो गईं।
ईद की छुट्टियां मनाने के लिए ट्रेन से जा रहे थे जवान
एक अन्य अधिकारी के अनुसार सेना के जवान ईद की छुट्टियां मनाने के लिए ट्रेन से जा रहे थे। बता दें कि ईद का त्योहार मंगलवार से शुरू होगा। चश्मदीदों व सोशल मीडिया फुटेज के मुताबिक ब्लास्ट उस जगह हुआ जहां अक्सर सुरक्षा बल तैनात रहते हैं। इससे निकट की बिल्डिंग्स को भी नुकसान पहुंचा है। वहां खड़ी गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। धमाका इतना खतरनाक था कि ट्रेन की 2 बोगियां पलट गईं और उनमें आग लग गई। एक वीडियो में मौके पर घना काला धुआं उठता दिख रहा है।
50 से ज्यादा घायल अस्पतालों में पहुंचाए गए, कई गंभीर
स्थानीय अस्पतालों से मिली जानकारी के मुताबिक धमाके में 50 से ज्यादा घायल हुए लोग विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाए गए हैं। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों में कई की हालत गंभीर है। घटनास्थल से लोगों को सुरक्षित निकालने व आपातकालीन कार्यों में मदद के लिए एक राहत ट्रेन व बचाव वाहन तुरंत रवाना किया गया।
सबसे बड़ा तथा विकास में सबसे पिछड़ा प्रांत
बता दें कि बलूचिस्तान क्षेत्रफल के लिहाज से पाकिस्तान का सबसे बड़ा तथा विकास में सबसे पिछड़ा प्रांत है। यह प्रांत रोजगार, शिक्षा, तथा आर्थिक विकास जैसे महत्वपूर्ण पैमानों पर देश के अन्य हिस्सों से काफी पिछड़ा हुआ है। वर्षों से बलूचिस्तान की आजादी के लिए संघर्ष चल रहे हैं। कई फ्रीडम फाइटर संगठन हैं जो इस प्रांत की आजादी चाहते हैं और इसके लिए वह पाकिस्तान सरकार से लड़ रहे हैं। इन स्वतंत्रता सेनानियों पर पाक सेना ने बहुत जुल्म किए हैं जिसके खिलाफ अब बलूचिस्तान के लोग पाकिस्तान के खिलाफ खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़ें : Pakistan Suicide Attack: पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला! पुलिस चौकी पर आत्मघाती धमाके में 15 सुरक्षाकर्मी ढेर

