शी जिनपिंग की चेतावनी, हादसे के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा
China Coal Mine Blast, (द भारत ख़बर), बीजिंग: चीन में एक कोयला खदान में भीषण विस्फोट में 90 लोगों की जान चली गई। यह हादसा चीन में पिछले एक दशक का सबसे बड़ा कोयला खदान हादसा माना जा रहा है। विस्फोट शुक्रवार को शांक्सी प्रांत के किनयुआन काउंटी में हुआ। यह इलाका बीजिंग से करीब 520 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। हादसे से पहले खदान में कार्बन मोनोआॅक्साइड गैस का अलर्ट जारी किया गया था।
इसके कुछ समय बाद जोरदार विस्फोट हुआ। जिस समय धमाका हुआ, उस वक्त खदान के अंदर 247 मजदूर काम कर रहे थे। अभी यह साफ नहीं है कि कितने लोग अब भी अंदर फंसे हुए हैं। राहत और बचाव अभियान जारी है। कहा जा रहा है कि 200 से ज्यादा मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे के बाद बचाव टीमों को लापता लोगों को खोजने के लिए हर संभव कोशिश करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हादसे के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
हादसे के असली कारण की जांच की जा रही

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, खदान के अंदर कार्बन मोनोआॅक्साइड गैस का स्तर काफी ज्यादा बढ़ गया था। माना जा रहा है कि इसी वजह से विस्फोट हुआ। फिलहाल हादसे के असली कारण की जांच की जा रही है। जिनपिंग ने कहा कि सभी क्षेत्रों और सरकारी विभागों को इस हादसे से सबक लेना चाहिए, कार्यस्थल सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए और बड़े हादसों को रोकने के लिए जोखिमों की पूरी जांच करनी चाहिए।
ऐसे हादसों को हर हाल में रोका जाए
जिनपिंग ने चीन की स्टेट काउंसिल के सुरक्षा विभाग से भी कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों की याद दिलाए। उन्होंने निर्देश दिया कि हर हादसे की गंभीर जांच हो और भविष्य में ऐसे हादसों को हर हाल में रोका जाए। वहीं, चीन के प्रधानमंत्री ली च्यांग ने भी कहा कि लापता मजदूरों को खोजने के लिए हर संभव कोशिश की जानी चाहिए। उन्होंने हादसे की वजह की जल्द जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की बात कही।
ये भी पढ़ें: बाबा बर्फानी की पहली तस्वीरें सामने आई, पवित्र गुफा में 6-7 फीट का शिवलिंग बना

