नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय चर्चा का केंद्र बनी हुई है. इंग्लैंड के दौरे पर मिली लगातार दो हार के बाद 7 खिलाड़ियों को अचानक वापस भेज दिया गया. टेस्ट टीम के कोच और गेंदबाजी कोच को भी पाकिस्तान रवाना कर दिया गया. इसके बाद टीम के चयनकर्ता मिस्बाह उल हक ने इस्तीफा दे दिया. इन सब चीजों के बीच अब एक और हैरान करने वाली बात सामने आई है. टीम के कप्तान कप्तान बाबर आजम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट से पहले चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने कहा पिछले कुछ दिनों में जो कुछ भी हुआ उसके बारे में पीसीबी ने कोई जानकारी नहीं दी.
पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान बाबर आजम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच से पहले चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम और कोचिंग स्टाफ में किए गए बड़े बदलावों की जानकारी उन्हें फैसला लिए जाने के बाद दी. बाबर का कहना था कि इन फैसलों के बारे में उन्हें भी बाद में पता चला. इसका मतलब ये हुआ कि 7 खिलाड़ियों को अचानक बीच दौरे से टीम से बाहर कर दिया गया. सरफराज अहमद टीम के टेस्ट कोच और उमर गुल गेंदबाजी कोच को निकाल दिया गया. इसके बारे में कप्तान को बोर्ड की तरफ से जानकारी ही नहीं दी गई.

लीड्स में पहला मैच पाकिस्तान की टीम पारी के अंतर से हारी थी. लॉर्ड्स में 194 रन की बड़ी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल आ गया. करारी हार मिलने के बाद PCB ने बड़ा फैसला लिया. बोर्ड ने मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को उनके पदों से हटा दिया. इतना ही नहीं एक साथ टीम के सात खिलाड़ी जिसमें उप कप्तान सलमान आगा, मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक को रिलीज कर दिया गया.अचानक से किए गए इतने सारे बदलान ने क्रिकेट की दुनिया में हलचल मचा दी और कप्तान को खबर ही नहीं. बाबर ने माना कि उनके लिए भी यह खबर अचानक आई थी.
इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले तीसरे टेस्ट से बाबर आजम मीडिया से बात करने पहुंचे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, PCB ने यह फैसला सोच-समझकर लिया होगा और इस बारे में बेहतर जवाब बोर्ड के अधिकारी ही दे सकते हैं. जो भी बदलाव किए गए हैं उसकी जानकारी मुझे बाद में दी गई. यह फैसला मेरे लिए भी चौंकाने वाला था. नए खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है और उनके पास खुद को साबित करने का शानदार मौका है.

