Ahmedabad News, (द भारत ख़बर), गांधीनगर: अहमदाबाद के एक परिवार ने अपने एक सदस्य के अंगदान करके मानवता की मिसाल पेश की है। दरअसल, मनुभाई परमार नाम के एक किसान को सड़क हादसे के बाद ब्रेनडेड घोषित कर दिया गया था। इसके बाद मनुभाई के परिवार वालों ने उनके जीवन के अंतिम क्षणों में उनके अंगदान करने का निर्णय लिया, जिससे सात लोगों को नवजीवन प्राप्त हुआ। परिजनों ने मनुभाई के हार्ट, आंखें, दोनों किडनियां, त्वचा व लीवर सहित सात अंग दान किए जिससे न केवल सात जरूरतमंद मरीजों की जिंदगियां बचीं, बल्कि उनके इस फैसले ने समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता का भी मजबूत संदेश दिया।
सड़क हादसे में सिर में आई थीं गंभीर चोटें
अहमदाबाद के सिविल अस्पताल स्थिति कपड़वंज के खेड़ा निवासी 39 वर्षीय मनुभाई परमार को सड़क हादसे में सिर में गंभीर चोटें आई थीं। प्रारंभिक तौर पर मनुभाई का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चला और उसके बाद सुधार न होने पर उन्हें अहमदाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति नहीं सुधरी जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेनडेड घोषित कर दिया।
मनुभाई के परिवार को अस्पताल ने किया था मोटिवेट
जानकारी के मुताबिक ब्रेनडेड घोषित किए जाने के बाद अस्पताल की तरफ से मनुभाई की पत्नी अरखाबेन व परिजनों को अंगदान के लिए समझाया गया था। इस पर सोच विचार के बाद मनुभाई के परिवार वालों ने उनके लीवर, हार्ट, किडनी, त्वचा और दोनों आंखों समेत 7 अंगों का दान करने का निर्णय लिया।
मनुभाई के अंगदान से मिली दोनों किडनी व लीवर को सिविल कैंपस स्थित किडनी के हॉस्पिटल गया और वहां जरूरतमंद मरीज में उनके इन अंगों को ट्रांसप्लांट किया गया है। वहीं हार्ट शहर के सीआईएमएस हॉस्पिटल में भर्ती मरीज के लिए पहुंचाया गया। त्वचा को सिविल अस्पताल के स्किन बैंक और दोनों आंखों को एम एंड जे आंख अस्पताल में दान किया गया।
परिवारवालों ने मानवता की मिशाल की : राकेश जोशी
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट (Hospital Superintendent) डॉक्टर राकेश जोशी (Dr. Rakesh Joshi) ने बताया कि मनुभाई किसान थे, लेकिन उनके ब्रेनडेड होने पर उनके परिवारवालों ने मानवता की मिशाल पेश करते हुए अंगदान का फैसला किया और उनके इस नेक कार्य से सात मरीजों का जीवन प्रकाशित किया गया।
अंगदान पर बढ़ रही जागरूकता
अहमदाबाद के सिविल अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक बीते कुछ समय से ब्रेनडेड मरीजों के परिवार वालों में अंगदान पर जागरूकता बढ़ती दिख रही है और इसी का परिणाम है कि अहमदाबाद नागरिक अस्पताल में अब 234 ब्रेनडेड मरीजों के अंगदान संभव हुए हैं। इनके जरिये 774 अंगों का दान मिला है। इन अंगों में 208 लीवर, 431 किडनी, 34 फेफड़े और 74 हार्ट शामिल हैं।
ये भी पढ़ें : Parliament Special Session: महिला आरक्षण कानून लागू, देर रात अधिसूचना जारी

