IIT Bombay student took his life: IIT बॉम्बे से एक दिल दहलाने देने वाली घटना सामने आई है। सेकंड ईयर के एक छात्र ने शुक्रवार शाम को खुदकुशी कर ली। परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के बाद उसने यह कदम उठाया। IIT पवई कैंपस में छह महीने के अंदर खुदकुशी का यह तीसरा मामला है।
ChatGPT पर अपलोड किया था पेपर
इंस्टीट्यूट के मुताबिक, एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के छात्र साहिल वाकोडे ने परीक्षा के दौरान जवाब पाने के लिए परीक्षा का प्रश्न पत्र ChatGPT पर अपलोड किया था। अधिकारियों ने बताया कि छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी। इंस्ट्रक्टर और डिपार्टमेंट के हेड ने छात्र से इस मामले पर बात भी की थी। उन्होंने उसे समझाया और भरोसा दिलाया कि इस घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा।
शाम को कमरे में मृत पाया गया
बातचीत के बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया। बाद में शाम को वह अपने कमरे में मृत पाया गया। IIT बॉम्बे ने एक बयान जारी कर कहा कि वे एक छात्र की मौत से ‘बहुत दुखी’ हैं। बयान में कहा गया, ”संस्थान छात्र के दोस्तों, क्लासमेट्स, फैकल्टी सदस्यों और इस दुखद घटना से प्रभावित अन्य लोगों को मदद दे रहा है। संबंधित अधिकारी मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।”
छात्रों का घटना के खिलाफ विरोध
वाकोडे की मौत की खबर सामने आने के बाद, छात्रों ने IIT पवई कैंपस में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध कर रहे छात्रों का आरोप था कि संस्थान घटना से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में पूरी सच्चाई नहीं बता रहा है। छात्रों का दावा था कि जिस छात्र पर नकल करने का आरोप था, उसे कथित तौर पर एक साल के लिए सस्पेंड करने की धमकी दी गई थी। उन्होंने कहा कि अगर सस्पेंड किया जाता, तो छात्र को हॉस्टल खाली करना पड़ता और कैंपस के बाहर रहना पड़ता।
छात्रों के अनुसार, ऐसी कार्रवाई से छात्र का इंजीनियरिंग कोर्स चार साल से बढ़कर पांच साल या उससे भी ज्यादा का हो सकता था। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि हो सकता है कि अनुशासनात्मक कार्रवाई के डर और दबाव की वजह से वाकोडे ने यह कठोर कदम उठाया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने संस्थान के प्रशासन से ‘जवाबदेही’ की मांग की।
जवाबदेही तय करने की मांग
एक छात्र ने कहा, ”हमारे विरोध का कारण यह है कि आज हमारे कॉलेज में एक छात्र ने खुदकुशी कर ली। इसीलिए हम विरोध करने के लिए इकट्ठा हुए हैं, ताकि प्रशासन से जवाबदेही, पारदर्शिता और सवालों के जवाब मांग सकें।” उन्होंने आगे कहा, ”यह कोई पहली घटना नहीं है। इस साल ही ऐसी चार घटनाएं हो चुकी हैं और दो तो पिछले दो महीनों में ही हुई हैं। हमें नहीं पता कि ऐसा क्यों हो रहा है और इन सबके पीछे क्या कारण हैं।”
कैंपस में भारी संख्या में सुरक्षाबल
छात्रों और प्रशासन के बीच बातचीत के दौरान स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने कैंपस में भारी सुरक्षा तैनात की। सीनियर पुलिस अधिकारी दत्तात्रेय नलावडे ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने कहा, ”आज IIT पवई में एक छात्र ने खुदकुशी कर ली। इसके बाद, कुछ IIT छात्र इकट्ठा हुए और अपनी मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। IIT प्रशासन उनसे बातचीत कर रहा है ताकि कोई संतोषजनक समाधान निकाला जा सके।”

