अनंतनाग जिले में हुई बादल फटने की घटनाएं, पहलगाम में भी आई अचानक बाढ़
Kashmir Cloudburst (द भारत ख़बर), जम्मू-कश्मीर : कश्मीर घाटी में पिछले करीब एक पखवाड़े से खराब मौसम और बादल फटने की घटनाओं से लोग लगातार प्रभावित हो रहे हैं। बीती देर शाम भी घाटी में एक नहीं बल्कि दो जगह बादल फटने की घटना सामने आई। इससे न केवल अचानक बाढ़ आ गई बल्कि मलबा सड़कों पर आ जाने से यातायात भी प्रभावित हुआ।
अचानक आई बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड से घर, खेत, होटल सब डूब गए। बताया जा रहा है कि बाढ़ का पानी होटलों और घरों तक में घुस गया। ज्ञात रहे कि कुछ दिन पहले घाटी के डोडा एरिया में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ था। वहीं भारतीय मौसम विभाग की जम्मू शाखा ने जम्मू और कश्मीर के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूवार्नुमान जारी किया है।
अनंतनाग के चिटरगुल में फटा बादल
जानकारी के अनुसार, दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में शनिवार देर शाम दो अलग-अलग स्थानों पर बादल फटने की घटनाओं के बाद अचानक आई फ्लैश फ्लड से शंगस और पहलगाम क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई. प्रशासन के अनुसार, दोनों घटनाओं में कृषि भूमि, बाग-बगीचों, झोपड़ियों और कुछ होटलों को नुकसान पहुंचा है।
पहली घटना शंगस क्षेत्र के चिटरगुल (चाटेरगुल) की ऊपरी पहाड़ियों में हुई, जहां बादल फटने के बाद आरिपथ (अरपत) नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव के साथ आया पानी, कीचड़ और मलबे ने धान के खेतों, बागों और आसपास के रिहायशी इलाकों में घुस गया। घर-मकान के साथ इससे खड़ी फसलों को नुकसान हुआ है।
पहलगाम में भी बादल फटने से नुकसान
करीब एक घंटे बाद दूसरी घटना पहलगाम के ओवेरा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में हुई। यहां बादल फटने से ओवेरा नाले में अचानक जलस्तर बढ़ गया और फ्लैश फ्लड आ गया । तेज बहाव का पानी आसपास की कई झोपड़ियों और होटलों तक पहुंच गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
ये भी पढ़ें : Haryana Weather : पहाड़ों में बारिश से हरियाणा में आफत, नदियों का जलस्तर बढ़ा

