नई दिल्ली. भारतीय टीम के कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदकों का खाता खुल चुका है. टीम को अब तक एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल मिला है. इंतजार गोल्ड का हो रहा है. भारत के वेटलिफ्टर ऋषिकांता सिंह चानंबम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया. इसके साथ ही भारत की झोली में खेलों का दूसरा पदक आया. मणिपुर के ऋषिकांता ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क मिलाकर 264 किलोग्राम वजन उठाया. उन्होंने स्नैच में 121 किलोग्राम वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया, जबकि क्लीन एंड जर्क में 143 किलोग्राम का सफल प्रयास किया.
इस इवेंट मे गोल्ड मेडल मलेशिया के नाम रहा. मोहम्मद अनीक बिन कसदान ने क्लीन एंड जर्क (152 किग्रा) और कुल वजन (273 किग्रा) में नए गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए पहला स्थातन हासिल किया. भारत के ऋषिकांता ने सिल्वर मेडल हासिल किया जबकि केन्या के जोशुआ अमुंगा म्बोया ने 260 किलोग्राम के कुल वजन के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया.
Another proud moment for India at the Commonwealth Games 2026!
Rishikanta Singh Chanambam clinched the Silver Medal in Weightlifting with a total lift of 264 kg, setting a Commonwealth Games record and achieving a personal best of 121 kg in Snatch.
Congratulations, Champion!… pic.twitter.com/XomkynK7cf
— SAI Media (@Media_SAI) July 26, 2026
ऋषिकांता सिंह चानंबम मणिपुर के इंफाल वेस्ट के रहने वाले हैं और भारतीय सेना के खेल कार्यक्रम का हिस्सा हैं. फिलहाल वह भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व करते हैं. उन्होंने 2025 कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप (अहमदाबाद) में 60 किलोग्राम वर्ग में 271 किलोग्राम का कुल वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता था. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया और ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए सीधे क्वालिफाई किया. इससे पहले 2024 राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने 61 किलोग्राम वर्ग के स्नैच में 124 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था.
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय टीम अपने पिछले गेम्स में जीते गए पदक की संख्या को पीछे छोड़ने उतरी है. ऋषिकांता का यह भारत का दूसरा पदक है. इससे पहले झंडू सिंह ने पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतकर भारत का खाता खोला था. ऋषिकांता का यह रजत पदक सामान्य वर्ग (एबल-बॉडीड इवेंट) में भारत का पहला पदक है.

